हादसे का शिकार हुए क्रिकेटर ऋषभ पंत को अस्पताल में नहीं मिल रहा आराम, घरवाले परेशान
रुड़की में हुए कार हादसे के बाद से देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती भारतीय स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत को पर्याप्त आराम नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में उनकी मां भी परेशान हैं। इस वक्त पंत को न केवल शारीरिक रूप से, बल्कि मानसिक रूप से भी उन्हें आराम की जरूरत है। दुर्घटना में लगी चोटों के कारण वह अभी भी दर्द में हैं। आगंतुकों से बात करने से उनकी ऊर्जा खत्म हो जाती है। इस ऊर्जा को उन्हें तेजी से ठीक होने के लिए उपयोग में लाना चाहिए। वहीं, आए दिन वीवीआइपी उनका हाल जानने को अस्पताल पहुंच रहे हैं। इस कारण ऋषभ पंत को आराम नहीं मिल पा रहा है। अब इसे लेकर अस्पताल के डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है। उन्होंने कहा कि पंत से मिलने की योजना से फिलहाल लोगों को बचना चाहिए। ऋषभ पंत को उन्हें आराम करने देना चाहिए। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)ऋषभ पंत के मुलाकातियों की भीड़ को अस्पताल प्रबंधन एक बड़ी समस्या करार दे रहा है। मैक्स अस्पताल के प्रशासनिक विंग के एक स्टाफ ने कहा कि पंत के लिए आगंतुकों को फिल्टर करने के लिए कोई तंत्र नहीं है। अस्पताल में आने का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और शाम 4 बजे से शाम 5 बजे तक है। इस समय सीमा में केवल एक विजिटर मरीज से मिल सकता है। ऋषभ पंत का मामला एक हाइ-प्रोफाइल मामला है। इसके कारण अधिक लोग मिलने आ रहे हैं। इसलिए यह एक बड़ी समस्या है। यही नहीं, वहीं ऋषभ पंत के परिजनों का कहना है कि लगातार मुलाकातियों की संख्या बढ़ रही है। मुलाकात के लिए निर्धारित घंटों के बाद भी लोग उनसे मुलाकात करने आ रहे हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
डिवाइडर से टकराई थी पंत की कार
गौरतलब है कि शुक्रवार 30 दिसंबर की तड़के भारत के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत की लक्जरी कार हरिद्वार जिले में मंगलोर कोतवाली क्षेत्र में गुरुकुल नारसन बॉर्डर पर हम्मदपुर झाल के समीप मोड पर रेलिंग और खंभों से टकरा गई। डिवाइडर से टकराने के बाद आग पकड़ ली। 25 वर्ष के पंत को सिर, पीठ और पैरों में चोट आई हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। हादसे के दौरान वहां से गुजर रही हरियाणा रोडवेज की एक बस के ड्राइवर और बाकी स्टाफ ने उन्हें जलती हुई कार में से बाहर निकाला। हालांकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पंत खुद ही शीशा तोड़कर कार से बाहर निकले और कुछ देर में ही लड़खड़ाने लगे। तभी कार आग से पूरी तरह जलकर कबाड़ हो गई। इसके बाद पंत को पहले हरिद्वार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से देहरादून में मैक्स अस्पताल में उसी दिन रेफर कर दिया गया था।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।



