बीजेपी ने नौ नेताओं को दी राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी, इनमें उत्तराखंड के मदन कौशिक भी शामिल
बीजेपी ने नौ वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में अहम जिम्मेदारी दी है। इनमें उत्तराखंड से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मदन कौशिक का नाम भी शामिल है। इस पर उत्तराखंड बीजेपी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। इन नियुक्तियों को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से आज दो दिसंबर को पत्र जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की ओर से संगठनात्मक नियुक्ति की गई है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)इन नियुक्तियों में राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्यों में तीन लोगों को शामिल किया गया है। इनमें पंजाब से कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुनील जाखड़, उत्तर प्रदेश से स्वतंत्रदेव सिंह को शामिल किया गया है। विशेष आमंत्रित राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्यों में पांच नाम शामिल किए गए हैं। इनमें उत्तराखंड से मदन कौशिक, छत्तीसगढ़ से विष्णुदेव साय, पंजाब से एस राणा गुरमीत सिंह सोढी, मनोरंजन कालिया और अमनजोत कौर रामूवालिया हैं। वहीं, पंजाब से जयवीर शेरगिल को राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने जताया आभार
उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को पार्टी राष्ट्रीय कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा व केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन में राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलने पर मदन कौशिक को भी शुभकामना दी है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि उनके लंबे राजनैतिक व सांगठनिक अनुभव का लाभ पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा। साथ ही प्रदेश के पार्टीगत विषयों के केंद्रीय नेतृत्व से समन्वय में सहयोग भी मिलेगा।




