चमोली में महिलाओं से दुर्व्यवहार और चारा पत्ती छीनने के मामले में सीएम ने कमिश्रर को दिए जांच के आदेश
उत्तराखंड के चमोली जिले के हेलंग गांव में चारापत्ती लेकर घर जा रही महिलाओं से अभद्रता और उनके घास के गट्ठर छीनने के मामले में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़वाल कमिश्रर को जांच के आदेश दिए हैं। घटना 15 जुलाई की है। यही नहीं, राज्य महिला आयोग ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए डीएम को जांच के आदेश दिए। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)जोशीमठ के हेलंग गांव में एक महिला से पुलिस व सीआइएसएफ के जवानों के घास छीनने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। दरअसल, बिष्णुगाड़ पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माण कंपनी टीएचडीसी की ओर से गांव में सरकारी भूमि पर सार्वजनिक खेल मैदान का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि चार परिवार निर्माण स्थल के पास से ही चारा-पत्ती ले जाते हैं और वह इस भूमि पर मैदान बनाने का विरोध कर रहे हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इस मामले में वायरल हुए वीडियो में महिलाओं से सुरक्षाकर्मी घास छीनते नजर आ रहे हैं। बात यहीं भी खत्म नहीं हुई। इन महिलाओं को पुलिस चौकी ले जाया गया। जहां उन्हें कई घंटे तक बैठाया गया। बाद में चालान काटने पर ही उन्हें छोड़ा गया। इसे कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ ही सामाजिक संगठनों ने मुद्दा बना लिया है। गुरुवार को जनवादी संगठनों ने जंगल, जंगल और जमीन के हक को लेकर प्रदेशभर में अपने कार्यालयों और घरों में धरने दिए।



