केदारनाथ में हुई भारी बर्फबारी, तीन घंटे हेली सेवाएं रही बाधित, हटाई जा रही है बर्फ, अब मौसम रहेगा शुष्क
उत्तराखंड में 23 और 24 अक्टूबर की दो दिन की बारिश के दौरान पर्वतीय क्षेत्र की ऊंची चोटियों में भी अच्छा खासा हिमपात हुआ है। केदारनाथ में हुई भारी बर्फबारी से हेलीपैड के रास्ते भी बर्फ से अट गए हैं। सुबह ही बर्फ हटाने का काम शुरू किया गया। इसके चलते हेली सेवाएं तीन घंटे प्रभावित हैं। वहीं, चारधाम यात्रा मार्ग सुचारु हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अब पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ गया है। ऐसे में अब अगले पांच दिन तक बारिश की संभावना नहीं है।
कल शाम हुई बर्फबारी के चलते केदारनाथ धाम में हेलीपेड सहित यात्रा मार्ग पर हल्की बर्फ जम गई। रास्तों एवं हेलीपेड से बर्फ हटाने का काम सुबह ही शुरू किया गया। हर सुबह केदारनाथ के लिए करीब सवा छह बजे हेलीकॉप्टर से सेवाएं शुरू हो जाती थी। सोमवार 25 अक्टूबर को सुबह हेली सेवाएं प्रभावित रही। हेलीपैड से बर्फ हटाने के बाद करीब पौने नौ बजे हेली सेवाएं शुरू कर दी गई। देवस्थानम बोर्ड के मुताबिक, ऋषिकेश चारधाम बस टर्मिनल एवं हरिद्वार बस अड्डे से तीर्थयात्री चारधाम को प्रस्थान कर रहे हैं।
यही नहीं, ऋषिकेश में विभिन्न विभागों देवस्थानम बोर्ड एवं यात्रा प्रशासन संगठन सहित पुलिस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवहन, पर्यटन, नगर निगम, संयुक्त रोटेशन के हेल्प डेस्क के माध्यम से यात्रियों को सहायता मार्गदर्शन किया जा रहा है। श्री बदरीनाथ धाम के लिए सड़क मार्ग सुचारु है। केदारनाथ, श्री गंगोत्री, श्री यमुनोत्री में यात्रा जारी है।




