Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

February 19, 2026

कुन्जा बहादुरपुर में बनाया जाएगा कृषि महाविद्यालयः सीएम धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार जिले के भगवानपुर स्तित ग्राम कुन्जा बहादुरपुर में राजा विजय सिंह एवं सेनापति कल्याण सिंह के बलिदान दिवस पर शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार जिले के भगवानपुर स्तित ग्राम कुन्जा बहादुरपुर में राजा विजय सिंह एवं सेनापति कल्याण सिंह के बलिदान दिवस पर शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि कुन्जा बहादुरपुर में कृषि महाविद्यालय बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सेवक के रूप में वीरों की भूमि कुंजा बहादुरपुर आने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ। राजा विजय सिंह की इस भूमि को नमन करते हुए उन्होंने सभी शहीद सैनानियों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि ब्रितानी हुकुमत से दो-दो हाथ करने वालों को पैदा करने वाली इस भूमि को मैं नमन करता हूं। हमें गर्व है कि आजादी के लिए शुरूआती दौर की अंग्रेजो के खिलाफ बगावत शुरू हुई, उसका बिगुल कुंजा बहादुरपुर गांव से भी फूंका गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हिन्दुस्तान का दुनिया में मान-सम्मान बढ़ाने, भारत को सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी कार्य कर रहे हैं। उन्हीं के पद्चिन्हों पर चलकर राज्य में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे नौजवानों और छात्रों के बीच में काफी समय तक कार्य करने का मौका मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। रोजगार के साथ स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।


उत्तराखण्ड में उद्योगों में 70 प्रतिशत स्थानीय लोगों का रोजगार मिले, इसके लिए सरकार कार्य कर रही है। लोगों की आर्थिकी में कैसे सुधार हो, इसके लिए सरकार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मैंने मुख्य सेवक के रूप में शपथ ली, पहली कैबिनेट में हमने निर्णय लिया कि सरकारी सेवाओं में सभी रिक्त पदों पर भर्ती की जायेगी। लगातार भर्ती प्रक्रियाएं जारी हैं। कोरोना की वजह से अनेक लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सरकार ने निर्णय लिया कि सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में आवेदकों को अधिकतम आयु सीमा में एक वर्ष की छूट दी जायेगी। जिसका शासनादेश भी हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों, कलस्टरों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली प्रदेश की बहनों को 05 लाख रूपये तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जा रहा है। इन्हे राहत पहुंचाने के लिये पैकेज दिया गया है। पर्यटन, परिवहन से जुड़े एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में लोगों को राहत पैकेज दिया है। ग्राम प्रधानों का मानदेय 1500 रूपये से बढ़ाकर 3500 रूपये किया है। बिजली का सरचार्ज माफ किया गया है। सभी किसानों का शत प्रतिशत गन्ना भुगतान किया है। गन्ने का नया मूल्य भी जल्द तय किया जायेगा। धान की खरीद के लिए क्रय केन्द्रों पर अच्छी व्यवस्था हो, इसके लिए खाद्य विभाग एवं जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिये गये हैं। कोरोना के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले हर क्षेत्र के लोगों को प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव है। प्रदेश में कई जगह 95 प्रतिशत से अधिक वैक्सीनेशन हो चुका है। नवम्बर के अंत तक शत प्रतिशत वैक्सीनेशन का हमारा लक्ष्य है। संघ लोक सेवा आयोग, राज्य लोक सेवा आयोग, एनडीए, सीडीएस की प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाले राज्य के आर्थिक रूप से गरीब अभ्यर्थियों को सरकार द्वारा 50 हजार रूपये की धनराशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम, द्वि़तीय विश्व युद्ध, आजादी के बाद लड़े के गए युद्ध, शहीदों एवं उनकी वीरांगनाओं के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों और योजनाओं को साझा करते हुए कहा कि सालम क्रांति के शहीदों की स्मृति में जैंती गांव में शहीद स्मारक बनाया जा रहा है। उत्तराखंड से द्वितीय विश्व युद्ध की वीरांगना एवं वेटरन को अब प्रतिमाह पेंशन 8 हजार रुपए से बढ़ाकर 10 हजार रुपए किया गया है। सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए पढ़ाई हेतु हल्द्वानी में छात्रावास बनाया जा रहा है।

हरिद्वार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सदन बनाया जा रहा है। राज्य स्थित कैण्ट बोर्ड में निवास करने वाले भूतपूर्व सैनिकों का भवनकर माफ करने हेतु यथोचित कार्यवाही की जा रही है। कुटुम्ब पेंशन का नाम अब सम्मान पेंशन रखा गया है। राज्य सरकार द्वारा विभिन्न युद्धों व सीमान्त झडपों तथा आन्तरिक सुरक्षा में शहीद हुये सैनिकों व अर्द्ध सैनिक बलों की विधवाओं/आश्रितों को एकमुश्त 10 लाख रूपये के अनुदान को बढ़ाकर 15 लाख रूपये किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के हर वर्गों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रदेशवासियों को विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना चलाई जा रही है। अटल आयुष्मान उत्तराखण्ड योजना के तहत 3.5 लाख से अधिक लोग अपना निःशुल्क ईलाज करा चुके हैं। अटल आयुष्मान उत्तराखण्ड योजना के निःशुल्क कार्ड बनाये जायेंगे। 207 प्रकार की निःशुल्क जांचे की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री स्वस्थ युवा स्वस्थ उत्तराखंड योजना के तहत प्रदेश के सभी ग्रामपंचायतों में ओपन जिम खोले जायेंगे। महालक्ष्मी किट योजना के तहत बच्चे और माँ को उचित पोषण के साथ ही आवश्यक सामग्री प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत कोरोना में अनाथ हुए बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, प्रतिमाह पोषण राशि की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर ग्राम्य विकास मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द, उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री अशोक कटारिया, विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन, देशराज कर्णवाल, प्रदीप बत्रा, श्री सुरेश राठौर, भाजपा के हरिद्वार जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान एवं गणमान्य उपस्थित थे।

शोक संतप्त परिवार को दी सांत्वना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आईआईटी कम्युनिटी सेंटर, रुड़की, हरिद्वार पहुंचकर चौधरी श्यामवीर सिंह जी की पत्नी स्वर्गीय शारदा सैनी के निधन पर उनके परिजनों के साथ शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय श्रीमती शारदा सैनी जी को भली भांति जानते थे। उनका मिलनसार स्वभाव , हर व्यक्ति को अपनों जैसा प्यार, आदर, सम्मान करना उनके व्यक्तित्व को विराट बनाता था। उन्होंने कहा की शारदा सैनी हमेशा पूरे मनोयोग से कार्य करती थी, एवं उनसे हमेशा कुछ नया सीखने को मिलता।
पीएम और रक्षा मंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जीटीसी, देहरादून पर  मीडिया से अनौपचारिक वार्ता करते हुए कहा कि  उत्तराखंड से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष लगाव है। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद जिस तेजी से कार्य हुए यह सबके सामने प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तराखंड की धरती पर आ रहे हैं। उनका देवभूमि उत्तराखंड आना हमारे लिए शुभ क्षण है, जिसकी हम प्रतिक्षा कर रहे हैं। मीडिया द्वारा पूछे जाने पर कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ओर से प्रदेश के विकास के लिए आपके कार्यों की सराहना की गई, जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री का आभारी हैं। वे हमारे प्रेरणास्रोत हैं। उनका इस प्रकार से कहना हमें और अधिक दायित्ववान ओर जिम्मेदार बनाता है कि हम और मजबूती से कार्य कर जन-जन का कल्याण करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि  मैं उत्तराखंड की जनता का ऋणि हूं। सभी का स्नेह और आशीर्वाद मुझे मिल रहा है। लोगों ने मेरा उत्साह बढ़ाया है। तीन माह के कार्यकाल में  मैंने प्रयास किया कि उत्तराखण्ड के सूदूरवर्ती हर क्षेत्रों में रहने वाले माताएं, बहनें, बुजुर्ग, नौजवानों, बच्चों एवं गरीब जनता के लिए कुछ न कुछ देने का प्रयास करूं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए और तेज गति और ऊर्जा से जन-जन के कल्याण के लिए कार्य करने के लिये वे संकल्पबद्ध हैं।

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *