उत्तराखंड में कोरोना से लगातार दूसरे दिन भी नहीं हुई किसी की मौत, नए संक्रमितों की संख्या में उतार चढ़ाव जारी
उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। राहत की बात ये है कि लगातार दूसरे दिन कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई। गुरुवार 23 सितंबर की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के 17 नए संक्रमित मिले। एक दिन पहले बुधवार 22 सितंबर को 23 नए संक्रमित मिले थे। इस अवधि में किसी की मौत नहीं हुई। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो गुरुवार को 1108 केंद्रों में 61169 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू पांच अक्टूबर की सुबह तक है।उत्तराखंड में कोरोना की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
2021.09.23 Health Bulletin
अब तक कुल 7391 मौत
उत्तराखंड में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 343445 हो गई है। इनमें से 329715 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 20 लोग स्वस्थ हुए। एक्टिव मरीजों की संख्या अब 249 है। अब तक प्रदेश में कुल 7391 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। मौत की दर 2.15 फीसद पर स्थिर है। रिकवरी रेट 96 फीसद है। सात मई को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई थी।
ब्लैक फंगस से राहत
उत्तराखंड में ब्लैक फंगस के नए केस कम मिल रहे हैं। गुरुवार को ब्लैक फंगस का एक भी केस नहीं मिला। किसी मरीज की मौत नहीं हुई। अब तक विभिन्न अस्पतालों में ब्लैक फंगस के 581 मामले दर्ज किए गए। इनमें अब तक 132 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। 375 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।



