उत्तराखंड के तीन जिलों में नहीं मिले नए कोरोना संक्रमित, दो की मौत
उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों का आंकड़ा दो दिन 50 से कम रहने के बाद इसमें मामूली बढ़त हुई। तीन जिलों में एक भी संक्रमित नहीं मिला। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार 12 जुलाई की शाम जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में उत्तराखंड में कोरोना के 51 नए संक्रमित मिले और दो लोगों की मौत हुई। एक दिन पहले रविवार 11 जुलाई को 42 नए संक्रमित मिले थे। कोरोना कर्फ्यू की अवधि अब 13 जुलाई की सुबह छह बजे से बढ़ाकर 20 जुलाई की जा रही है।
अब तक कुल 7341 मौत
उत्तराखंड में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 341230 हो गई है। इनमें से 326968 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 205 लोग स्वस्थ हुए। एक्टिव मरीजों की संख्या अब 932 रह गई है। अब तक प्रदेश में कुल 7341 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। मौत की दर 2.15 है। रिकवरी 95.82 फीसद है।
ब्लैक फंगस से भी राहत
उत्तराखंड में ब्लैक के नए केस भी घटने लगे हैं। 12 जुलाई को ब्लैक फंगस का तीन नए केस मिले। इस दौरान दो मरीज की मौत हुई। चार मरीज डिस्चार्ज किए गए। अब तक विभिन्न अस्पतालों में ब्लैक फंगस के 526 मामले दर्ज किए गए। इनमें अब तक 106 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। वहीं, 124 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।
पिछले सात दिन के आंकड़े
उत्तराखंड में रविवार 11 जुलाई को 42 नए संक्रमित मिले थे। शनिवार 10 जुलाई को 49 नए संक्रमित, शुक्रवार नौ जुलाई को कोरोना के 65 नए संक्रमित, गुरुवार आठ जुलाई को कोरोना के 64 नए संक्रमित, बुधवार सात जुलाई को कोरोना के 77 नए संक्रमित, मंगलवार छह जुलाई को कोरोना के 89 नए संक्रमित, सोमवार पांच जुलाई को कोरोना के 69 संक्रमित मिले थे। सात मई को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई थी।
टीकाकरण में उतार चढ़ाव
उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो सोमवार 12 जुलाई को 346 केंद्रों में 24361 लोगों को कोरोना का टीके लगाए गए। रविवार 11 जुलाई को 227 केंद्र में 18394 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। शनिवार 10 जुलाई को 321 केंद्रों में 24369 लोगों को, शुक्रवार नौ जुलाई को 391 केंद्रों में 32109 लोगों को, गुरुवार आठ जुलाई को 483 केंद्र में 35955 लोगों को, बुधवार सात जुलाई को 457 केंद्र में 46159 लोगों को, मंगलवार छह जुलाई को 767 केंद्र में 84590 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए।




