शनिवार से 18 और उससे अधिक आयु के टीकाकरण के लिए शुरू होगा रजिस्ट्रेशन, जानिए कैसे करें आवेदन

देश भर में एक मई से 18 वर्ष और उससे अधिक आयु वालों के लिए कोरोना के टीकाकरण का अभियान शुरू होने जा रहा है। इसके लिए इस उम्र का हर शख्स कोरोनावैक्सीन के लिए शनिवार से कोविन ऐप पर रजिस्ट्रेशन करवा सकेगा। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसके लिए गुरुवार को घोषणा कर दी। रजिस्ट्रेशन 24 अप्रैल से शुरू हो जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने हाल ही में घोषणा की थी कि 18 साल और उससे अधिक उम्र के लोग भी कोरोना का टीका लगवा सकते हैं। अभी तक 45 साल से अधिक उम्र वालों को टीका लगाया जा रहा था। टीके के लिए कई राज्य सरकारें अपने यहां फ्री टीका लगाने की घोषणा कर चुकी हैं। इसके लिए फिलहाल कोविन ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। युवाओं के लिए टीका इसलिए भी जरूरी है क्योंकि वे ही ज्यादा घरों से बाहर निकल रहे हैं। साथ ही संक्रमित होने वालों में उनकी संख्या काफी है।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
अगर आप 1 मई 2021 को 18 साल या उससे अधिक उम्र के हैं तो कोरोना वैक्सीनेशन के लिए आपको रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। कोविन, आरोग्य सेतु ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन हो सकता है. इसके साथ ही ऑनसाइट रजिस्ट्रेशन यानी अस्पतालों और टीकाकण केंद्रों पर भी रजिस्ट्रेशन की सुविधान होगी। रजिस्ट्रेशन के लिए आपसे वैध पहचान पत्र की जरूरत होगी, जिसमें आधार कार्ड, डीएल, पासपोर्ट, वोटर आईडी कार्ड शामिल है।
ये है प्रक्रिया
इसके लिए योग्य व्यक्ति अपने मोबाइल नंबर के जरिए को-विन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। पहले को-विन एप्लिकेशन का उपयोग करें या www.cowin.gov.in पर लॉग ऑन करें। फिर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें। अपना अकाउंट बनाने के लिए ओटीपी मिलेगी. ओटीपी दर्ज कर और ‘वेरिफाइ’ बटन पर क्लिक करें। इसके बाद आप वैक्सीनेशन के रजिस्ट्रेशन से जुड़े पेज पर रिडायरेक्ट हो जाएंगे. यहां आपको फोटो आईडी प्रूफ चुनना होगा. इसके साथ ही अपना नाम, उम्र, लिंग की जानकारी देकर और आईडी प्रूफ अपलोड करें. रजिस्ट्रेशन के लिए जानकारी दर्ज करने के बाद, ‘रजिस्टर’ बटन पर क्लिक करें।
भारत में तीन लाख से ज्यादा नए मरीज
भारत में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर दिन हालात बिगड़ रहे हैं और नए संक्रमितों के रिकॉर्ड बन रहे हैं। गुरुवार 22 अप्रैल की सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक देश में पहली बार कोविड-19 संक्रमण के तीन लाख से अधिक नए मामले सामने आए, जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। यह लगातार पांचवां दिन है, जब देशभर में ढाई लाख से ज्यादा संक्रमण के नए मामले दर्ज हुए हैं।
सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान 3,14,835 नए कोविड-19 केस दर्ज किए गए। अब देश में कुल संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 59 लाख पार कर 1,59,30,965 हो गई है। इसी अवधि में देशभर में 2,104 मरीजों की मौत हुई। यह भी एक दिन में कोरोनावायरस से हुई अब तक की सबसे बड़ी तादाद है। इसके साथ ही देश में इस रोग से जान गंवाने वालों की कुल तादाद 1,84,657 हो गई है। अब से पहले, 21 अप्रैल (बुधवार) को देशभर में कोरोना संक्रमण के 2,95,041 केस दर्ज हुए थे।
अप्रैल माह में बढ़ रहा प्रकोप
अप्रैल माह में कोरोना के बढ़ते प्रकोप का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महीने के पहले 22 दिन में कुल मिलाकर 37,81,630 नए केस दर्ज हो चुके हैं। अप्रैल में अब तक कुल 22,189 लोगों की कोविड की वजह से मृत्यु हुई है। यह लगातार आठवां दिन है, जब देश में दो लाख से ज्यादा कोरोनावायरस संक्रमण के केस सामने आए हैं। इसके अलावा, डेढ़ लाख से ज्यादा केस सामने आते हुए सोमवार को लगातार 12वां दिन है। ये लगातार16वां दिन है, जब देश में एक लाख से ज़्यादा नए कोरोना संक्रमण के केस सामने आए।
उत्तराखंड में 24 घंटे में सर्वाधिक 4807 संक्रमित
उत्तराखंड में कोरोना का सबसे बड़ा विस्फोट बुधवार को हुआ। 21 अप्रैल की शाम स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में 24 घंटे के भीतर 4807 संक्रमित मिले। वहीं, 34 लोगों की मौत हुई। एक दिन के मामलों में आज की संख्या सर्वाधिक है। इससे पहले मंगलवार 20 अप्रैल को 3012 नए संक्रमित मिले थे और 27 लोगों की मौत हुई। इससे पहले 17 अप्रैल 37 लोगों की कोरोना से मौत हुई थी। ये मौत का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। उधर, कोरोना के टीके लगाने का अभियान जारी है। बुधवार को 501 केंद्र में 43216 लोगों को टीके लगाए गए।
बुधवार को 894 लोग स्वस्थ हुए और एक्टिव केस की संख्या 24893 हो गई है। उत्तराखंड में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 134012 हो गई। इनमें 104527 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 1953 लोगों की अब तक कोरोना से मौत हो चुकी है। बुधवार को सर्वाधिक देहरादून में 1876 संक्रमित मिले। नैनीताल में 818, हरिद्वार में 786, उधमसिंह नगर में 602, पौड़ी में 217, टिहरी में 185 संक्रमित मिले।
रात को नाइट कर्फ्यू, दोपहर बाद दुकानें बंद
उत्तराखंड में बढ़ते कोरोना के मामले को देखते हुए सरकार ने शाम सात बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया है। वहीं रविवार को पूरे उत्तराखंड में दिन में भी कर्फ्यू रहेगा। अन्य दिन दोपहर दो बजे के बाद आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर सभी दुकानें बंद कराई जा रही हैं। बुधवार को भी दोपहर बाद दुकानें बंद करा दी गई। आवश्यक सेवा में दूध, फल, सब्जी के साथ दवा की दुकाने हैं। सारी शिक्षण संस्थाओं को अग्रिम आदेश तक बंद कर दिया गया है।
106 स्थानों पर लॉकडाउन
प्रदेश में लगातार कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़ रही है। अब कुल 106 कंटेनमेंट जोन हैं। यहां पूरी तरह से लॉकडाउन है। ऐसे क्षेत्र में सामाजिक, व्यापारिक, धार्मिक गतिविधियां प्रतिबंधित हैं। लोगों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। परिवार का एक सदस्य ही आवश्यक वस्तु के लिए मोबाइल वेन तक जा सकता है। कंटेनमेंट जोन में देहरादून में 47, हरिद्वार में नौ, नैनीताल में 30, पौड़ी में चार, उत्तरकाशी में नौ, उधमसिंह नगर में एक, चंपावत में पांच, चमोली में एक कंटेनमेंट जोन हैं।
देहरादून में होटल को बनाया पेड जिला कोविड केयर सेंटर
देहरादून प्रशासन ने राजपुर रोड स्थित होटल सॉलिटेयर एक्सप्रेस को अधिग्रहित कर लिया। यहां जिला कोविड केयर (डीसीसीसी) सेंटर बनाया गया है। सीएमओ देहरादून की संस्तुति पर जिलाधिकारी देहरादून ने इस संबंध में आदेश पारित किए। अब यहां रखे जाने वाले लोगों को प्रति व्यक्ति दो हजार रुपये के हिसाब से भुगतान करना पड़ेगा। होटल की ओर से इस राशि में नाश्ता, लंच और डिनर की व्यवस्था की जाएगी। पेड आइसोलेट लोगों के लिए ये व्यवस्था की गई है।




