उत्तराखंड में पांच दिन कोहरा, पाला और शीत दिवस का येलो अलर्ट, इस दिन से बर्फबारी संभावित, बढ़ा दून का तापमान, बरतें ये सावधानी
उत्तराखंड में आधा जनवरी माह बीतने वाला है, लेकिन ना तो पर्वतीय क्षेत्र में जोरदार बर्फबारी हुई है और ना ही राज्य के अन्य हिस्सों में बारिश का क्रम शुरू हुआ है। अक्टूबर माह से राज्यभर के मैदानी जिले सर्दियों की बारिश के लिए तरस गए हैं। सूखी सर्दी से लोगों को खांसी, जुकाम, बुखार और वायरल जैसी बीमारी से भी दो चार होना पड़ रहा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक सुबह, शाम और रात को ज्यादा सर्दी है, लेकिन ऐसी सर्दी भी नहीं है कि जैसी दिसंबर माह से जनवरी माह तक होती थी। यही नहीं, बीच बीच में देहरादून के तापमान में भी इजाफा हो रहा है। फिलहाल आज मंगलवार 13 जनवरी की सुबह से ही देहरादून के अधिकांश हिस्सों में धूप खिल गई थी। कहीं कहीं बादल भी हैं। वहीं, कुछ मैदानी इलाकों में कोहरा भी था। पर्वतीय क्षेत्र में भी कहीं धूप और कहीं कोहरा छा रहा है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक, आज 13 जनवरी से लेकर 16 जनवरी तक राज्यभर के जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 17 और 18 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और 3400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी संभावित है। 19 जनवरी को उक्त जिलों के साथ ही रुद्रप्रयाग जिले में भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है। इन तीन दिन शेष जिले शुष्क रहेंगे। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिन तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। सप्ताह के दौरान राज्य के पर्वतीय क्षेत्र की घाटियों में कहीं कहीं हल्के से मध्य्म कोहरा छाए रहने की संभावना है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पांच दिन का येलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 जनवरी से लेकर 17 जनवरी तक हरिद्वार, उधमसिंह नगर जिले में तथा नैनीताल, चंपावत, पौड़ी, देहरादून जिले के मैदानी क्षेत्र में कहीं कहीं घना कोहरा छाया रहेगा। 13 और 14 जनवरी को पर्वतीय क्षेत्र में कहीं कहीं पाला पड़ने की संभावना है। इन दो दिन हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिले में कहीं कहीं शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी। ऐसे में 13 जनवरी से लेकर 17 जनवरी तक के लिए उक्त जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
बरतें ये सावधानी
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि सर्दी में लंबे समय तक रहने से बचें। ढीली फिटिंग के व हल्के वजन के कपड़ों की कई परत पहनें। अपने सिर, गर्दन, हाथ और पैर की उंगलियों को कवर करें। क्योंकि सर्दी का अधिकांश नुकसान शरीर के इन अंगों के माध्यम से होता है। कोहरे में रोशनी का प्रयोग करें। वाहन चलाते हुए सावधान रहें। सुबह और देर रात ड्राइविंग से बचें। पौधों को सर्दी के नुकसान से बचाने के लिए हल्की और लगातार सतह की सिंचाई करें। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून में बढ़ रहा तापमान
देहरादून में पिछले कुछ दिनों से तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी हुई है। ये आने वाले दिनों में भी जारी रह सकती है। 13 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे देहरादून का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 17 डिग्री और न्यूनतम सात डिग्री रहने की संभावना है। 14 से 20 जनवरी तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमशः 16, 17, 18, 19, 19, 19, 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान छह, छह, आठ, नौ, आठ, आठ, सात डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। 13, 16, 17, 18, 20 जनवरी को देहरादून में कहीं कहीं बादल छाए रह सकते हैं। 20 जनवरी को देहरादून में बहुत हल्की बारिश भी संभावित है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।

Bhanu Bangwal
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।


