भारत में कोविड-19 के नए केस में 65.7 फीसद का उछाल, उत्तराखंड में धीरे धीरे बढ़ रहे नए संक्रमित
भारत में एक बार फिर से कोरोना के नए केस में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। 24 घंटे के भीतर कोविड केसों में 65.7 प्रतिशत उछाल देखा गया है। वहीं, उत्तराखंड राज्य में भी धीरे धीरे नए संक्रमित बढ़ने लगे हैं। ऐसे में सतर्कता बरतनी जरूरी है। क्योंकि अब लोगों ने मास्क लगाना छोड़ दिया है और इसका असर बढ़ते केस के रूप में नजर आने लगा है। बुधवार 20 अप्रैल की सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,067 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 40 लोगों की मौत हुई। देश में सक्रिय मामलो की संख्या 12340 है। वहीं, 24 घंटे में 1547 लोग स्वस्थ हुए। अब तक कोरोना से कुल 42513248 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना से अब तक 522006 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं देश में अब तक कुल वैक्सीनेशन 1,86,90,56,607 हुआ है। पिछले 24 घंटे में 17,23,733 कोरोना वैक्सीनेशन हुआ है।पिछले सात दिन के आंकड़े
देश में मंगलवार 19 अप्रैल को कोविड-19 के 1,247 नए केस और एक मरीज की मौत, सोमवार 18 अप्रैल को कोरोनावायरस के 2183 नए केस और 214 लोगों की मौत, रविवार 17 अप्रैल को कोरोना वायरस के कुल 1150 नए केस और चार लोगों की मौत, शनिवार 16 अप्रैल को कोविड-19 के 975 नए केस और चार लोगों की मौत, शुक्रवार 15 अप्रैल को 949 नए कोविड-19 केस और 6 लोगों की मौत, गुरुवार 14 अप्रैल को 1,007 नए केस और एक मरीज की मौत, बुधवार 13 अप्रैल को कोविड-19 के 1,088 नए केस और 26 लोगों की मौत हुई थी।
उत्तराखंड में 17वें दिन भी नहीं हुई कोई मौत
उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या में धीरे धीरे इजाफा हो रहा है। कारण ये है कि नए संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वालों की संख्या भी कम है। राहत की बात ये है कि 17वें दिन भी किसी मरीज की कोरोना से कोई मौत नहीं हुई। मंगलवार 19 अप्रैल की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 12 नए संक्रमित मिले। एक दिन पहले सोमवार 18 अप्रैल को नौ नए संक्रमित मिले थे। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो मंगलवार को 729 केंद्रों में 9145 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए।
उत्तराखंड में कोरोना की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
2022.04.19 Health Bulletin
कोरोना से अब तक 7692 मौत
उत्तराखंड में एक जनवरी 2022 से लेकर अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 92256 हो गई है। इनमें से 88732 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 3 मरीज स्वस्थ हुए। एक्टिव मरीजों की संख्या 26 से बढ़कर 35 हो गई है। कोरोना की पहली लहर से लेकर अब तक प्रदेश में कुल 7692 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। वहीं, एक जनवरी 2022 से अब तक 274 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है। इस अवधि में मौत की दर 0.30 फीसद है। इस अवधि में रिकवरी दर 96.18 फीसद है। सात मई 2021 को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई 2021 को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई। तीसरी लहर में एक फरवरी को सर्वाधिक 18 लोगों की मौत दर्ज की गई।




