फिर लौटेगी देहरादून में सर्दी, पूरे उत्तराखंड में मिलेगी राहत, होगी बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी संभव, तीन दिन के लिए येलो अलर्ट
उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम करवट बदलने वाला है। फिलहाल पर्वतीय क्षेत्र में तो गर्मी से हल्की राहत है। वहीं, मैदानी क्षेत्र तप रहे हैं। वर्ष 2025 में सितंबर माह में जोरदार बारिश राज्यभर में हुई, लेकिन इसके बाद अक्टूबर माह से लेकर पूरे फरवरी माह में कभी कभार ही कहीं कहीं बारिश हुई। ऐसे में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। अब यदि मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही निकला तो आने वाले दिनों में राज्य में तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा। इसका मतलब ये है कि एक बार फिर से सर्दी लौटने की संभावना है। फिलहाल आज शुक्रवार 13 मार्च की सुबह से ही राजधानी देहरादून सहित कई मैदानी जिलों में धूप खिल गई थी। हालांकि, आसमान में कहीं कहीं बादल भी हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज 13 मार्च को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश गर्जन और आकाशीय बिजली के साथ हो सकती है। साथ ही 3800 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्र में बर्फबारी की संभावना है। शेष जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। 14 मार्च को उक्त जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और देहरादून, टिहरी और अल्मोड़ा में बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। बर्फबारी 3500 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई पर हो सकती है। शेष जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
15 और 16 मार्च को राज्य के पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर, मैदानी जिलों में कुछ स्थानों पर, या फिर कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 3500 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है। मैदानी जिलों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। 17 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। शेष जिले शुष्क रह सकते हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
18 मार्च को राज्य के पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम, मैदानी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की, 19 मार्च को पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर और मैदानी जिलों में कुछ स्थान पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन दिनों ज्यादातर दिन पर्वतीय जिलों में 3500 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फबारी हो सकती है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
तीन दिन का येलो अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 24 घंटे के दौरान, राज्य के मैदानी क्षेत्र में अधिकांश तापमान सामान्य से अधिक से लेकर अत्यंत अधिक रहा। अमूमन यही स्थिति पर्वतीय क्षेत्र की भी रही। अमुमान है कि अगले चार से पांच दिन में राज्य का अधिकतम तापमान तीन से पांच डिग्री तक गिर सकता है। 14, 15 और 16 मार्च को राज्य के पर्वतीय और मैदानी जिलों में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। ऐसे में इन तीन दिन के लिए राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का तापमान
आज 13 मार्च की दोपहर करीब 12 बजे तक देहरादून का तापमान अधिकतम सीमा 27 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था। इसके न्यूनतम 14 डिग्री रहने की संभावना है। 14 से 20 मार्च तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमशः 26, 23, 21, 24, 26, 22, 17 डिग्री रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 14, 11, 11, 13, 16, 14, 11 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। यदि ये पूर्वानुमान सटीक बैठता है तो 20 मार्च को एक बार फिर से सर्दी बढ़ जाएगी। 20 मार्च तक देहरादून में हर दिन बादल छाने की भी संभावना है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।

Bhanu Bangwal
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।


