सम्राट पृथ्वीराज के प्रमोशन में उतरी उत्तराखंड सरकार, सीएम ने की फिल्म देखने की अपील, टैक्स फ्री, विपक्ष का कटाक्ष
अब सरकारों का काम फिल्म का प्रमोशन भी हो गया है। पहले द कश्मीर फाइल्स और इसके बाद अब सम्राट पृथ्वीराज को बीजेपी शासित सरकारों की ओर से देखने की अपील की जा रही है। उत्तर प्रदेश में तो योगी की कैबिनेट ने फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार के साथ इस फिल्म को देखा। साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने फिल्म को टैक्स फ्री करने की घोषणा की। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह भी इस फिल्म को पत्नी और बेटे के साथ देखने गए थे। इस फिल्म का इस तरह के प्रचार किया जा रहा है कि जैसे देश में कहीं कोई समस्या नहीं रही है। फिल्म देखो और सब को भूल जाओ। अब उत्तराखंड में भी सरकार ने फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया है। इसके टैक्स फ्री की अवधि छह माह तक है।सीएम ने की फिल्म देखने की अपील
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं ट्विट कर फिल्म को टैक्स फ्री करने की जानकारी दी। उन्होंने ट्विट किया कि-उत्तराखंड में सम्राट पृथ्वीराज फिल्म टैक्स फ्री होगी। उन्होंने आगे लिखा कि-देशप्रेम, साहस, पराक्रम से परिपूर्ण सम्राट पृथ्वीराज चौहानजी के जीवन पर आधारित इस फिल्म को अवश्य देखें।
उत्तराखंड में ‘सम्राट पृथ्वीराज’ फिल्म टैक्स फ्री होगी।
देशप्रेम, साहस एवं पराक्रम से परिपूर्ण सम्राट पृथ्वीराज चौहान जी के जीवन पर आधारित इस फिल्म को अवश्य देखें। @akshaykumar
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) June 2, 2022
सरकार ने की टैक्स फ्री
उत्तराखंड के अपर सचिव बीबी मठपाल ने फिल्म के टैक्स फ्री करने को लेकर दो जून को आदेश जारी किए। इसमें कहा गया कि राज्य सरकार की ओर से सिनेमाघरों, मल्टीप्लैक्स द्वारा में फिल्म सम्राट पृथ्वीराज के संदर्भ में सिनेमाघरों में प्रवेश के माध्यम से दी जाने वाली सेवा पर राज्य के भीतर भुगतान होने वाले एसजीएसटी की प्रतिपूर्ति किए जाने का निर्णय किया गया है। इसकी अवधी छह माह तक रहेगी। साथ ही टिकटों पर ये भी अंकित जाना जाना सुनिश्चित किया जाएगा कि उत्तराखंड सरकार के आदेश से एसजीएसटी संग्रहित नहीं किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने किया प्रहार
फिल्म के प्रमोशन को लेकर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर योगी सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने लिखा कि-लोकभवन में सपा सरकार के बनाए आधुनिक ऑडिटोरियम में भाजपा सरकार की कैबिनेट ऐतिहासिक फ़िल्म देख रही है। वैसे फ़िल्म पीछे बैठकर देखी जाए तो और भी अच्छी दिखती है और मुफ़्त के बजाय टिकट लेकर भी। क्योंकि इससे राज्य के राजस्व का नुक़सान नहीं होता। वहीं एक अन्य ट्वीट कर अखिलेश यादव ने कहा-ऐतिहासिक फ़िल्म देखने के बाद कैबिनेट से आग्रह है कि उत्तर प्रदेश की वर्तमान हालत भी देखें। इतिहास के आटे से वर्तमान की रोटी नहीं बन सकती।
कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा करनी है, उन्हें फिल्म के प्रचार से फुर्सत नहीं
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कश्मीर घाटी में एक बैंक कर्मचारी की हत्या की घटना को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि जिनको कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा करनी है, उनको फिल्म के प्रचार से फुर्सत नहीं है। उन्होंने यह दावा भी किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कश्मीर को सिर्फ अपनी सत्ता की सीढ़ी बनाया है।
राहुल गांधी ने ट्वीट किया-बैंक मैनेजर, शिक्षक और कई मासूम लोग रोज़ मारे जा रहे हैं। कश्मीरी पंडित पलायन कर रहे हैं। जिनको इनकी सुरक्षा करनी है, उनको फिल्म के प्रचार से फुर्सत नहीं है। भाजपा ने कश्मीर को सिर्फ अपनी सत्ता की सीढ़ी बनाया है। कश्मीर में अमन कायम करने के लिए तुरंत कदम उठाइए, प्रधानमंत्री जी। उन्होंने अपने इस ट्वीट के माध्यम से इशारों-इशारों में गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा।



