भारत में कोरोना के नए संक्रमितों में तीन फीसद की बढ़ोत्तरी, उत्तराखंड में फिर उछाल दर्ज
देश में कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। एक बार फिर से नए संक्रमितों की संख्या में तीन फीसद की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। वहीं, उत्तराखंड में भी उछाल दर्ज किया गया। शुक्रवार 27 मई की सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,710 नए मामले दर्ज किए गए। इस अवधि में कोरोना वायरस से 14 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही देश में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 524,539 पहुंच गया है। अभी तक कुल 42607177 लोग इस वायरस को मात दे चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 2,296 लोग कोरोना वायरस से सही हुए हैं। इस समय देश में एक्टिव केसों की संख्या 15,514 पहुंच गई है। राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के तहत कल देश में 1441072 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। अब तक कुल 1929774973 वैक्सीनेशन हो चुका है।पिछले सात दिन के आंकड़े
देश में गुरुवार 26 मई को 2,628 नए कोरोना के मामले और 18 लोगों की मौत, बुधवार 25 मई को कोरोना के 2,124 नए मामले और 17 लोगों की मौत, मंगलवार 24 मई को कोरोना के 1675 नए मामले और 31 लोगों को मौत, सोमवार 23 मई को कोरोना के 2022 नए मामले और 46 लोगों की कोरोना से मौत, रविवार 22 मई को कोरोना के 2,226 नए मामले और 65 लोगों की मौत, शनिवार 21 मई को कोरोना के 2,323 नए मामले और 25 लोगों की मौत, शुक्रवार 20 मई को कोरोना के 2,259 नए मामले और 20 लोगों की मौत हुई थी।
उत्तराखंड में 35वें दिन भी नहीं हुई कोई मौत
उत्तराखंड में कोरोना के नए केस की संख्या में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। एक बार फिर से नए संक्रमितों की संख्या में उछाल दर्ज किया गया। राहत की बात ये है कि 35वें दिन भी किसी मरीज की कोरोना से मौत नहीं हुई। गुरुवार 26 मई की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 20 नए संक्रमित मिले। एक दिन पहले बुधवार 25 मई को आठ नए संक्रमित मिले थे। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो गुरुवार को 847 केंद्रों में 15933 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए।
उत्तराखंड की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
2022.05.26 Health Bulletin
कोरोना से अब तक 7693 मौत
उत्तराखंड में एक जनवरी 2022 से लेकर अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 92767 हो गई है। इनमें से 89153 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 11 मरीज स्वस्थ हुआ। एक्टिव मरीजों की संख्या 78 गई है। कोरोना की पहली लहर से लेकर अब तक प्रदेश में कुल 7693 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। वहीं, एक जनवरी 2022 से अब तक 275 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है। इस अवधि में मौत की दर 0.30 फीसद है। इस अवधि में रिकवरी दर 96.10 फीसद है। सात मई 2021 को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई 2021 को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई। तीसरी लहर में एक फरवरी 2022 को सर्वाधिक 18 लोगों की मौत दर्ज की गई।



