उत्तराखंड में अब होगी भारी बारिश, दो दिन का आरेंज अलर्ट जारी, अगले चार दिन तक जारी रहेगा दौर
उत्तराखंड में इन दिनों अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो रही है। अब बारिश में तेजी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने पांच दिन के लिए भारी बारिश की चेतावनी दी है। साथ ही पर्वतीय जिलों में चट्टान धंसने, भूस्खलन, नदी, नालों में पानी के जल स्तर में बढ़ोत्तरी की आशंका जताई है। इससे पर्वतीय क्षेत्र के साथ नदी किनारे रहने वालों को सचेत करने की जरूरत है।मौसम विभाग ने सात और आठ जुलाई का आरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। आज सात जुलाई को कुमाऊं में बारिश का ज्यादा असर दिखेगा। नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर तथा पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, तेज बौछार के साथ भारी बारिश की संभावना है।
आठ जुलाई को बारिश का असर कुमाऊं के साथ ही गढ़वाल में भी दिखेगा। इस दिन देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकेगी। साथ ही तेज बौछार के साथ भारी बारिश की संभावना है। इस दिन मौसम विभाग ने लोगों से सचेत रहने को कहा है।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक नौ जुलाई से लेकर 11 जुलाई तक यलो अलर्ट जारी किया गया है। नौ और दस जुलाई को देहरादून, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही तेज बौछार पड़ेंगी। साथ ही भारी बारिश की संभावना है। 11 जुलाई को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही भारी बारिश की संभावना है।




