नए मकान के गृह प्रवेश के लिए चमोली से देहरादून जा रहा था परिवार, रास्ते में हो गए हादसे के शिकार, महिला की मौत
चमोली जिले से गृह प्रवेश के लिए देहरादून जा रहे परिवार की कार के खाई में गिरने से महिला की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गए। बेटा हादसे में बाल बाल बच गया।
चमोली जिले से गृह प्रवेश के लिए देहरादून जा रहे परिवार की कार के खाई में गिरने से महिला की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गए। बेटा हादसे में बाल बाल बच गया। हादसा सोमवार की सुबह करीब सात बजे टिहरी जिले में देवप्रयाग से आगे सैनिक होटल के पास हुआ।बताया जा रहा है कि चमोली जिले के नोटी गांव निवासी भूपेंद्र सिंह ने देहरादून में मकान बनाया है। वह पत्नी नीतू देवी (38 वर्ष) और बेटे आयुष (17 वर्ष) के साथ स्विफ्ट कार से देहरादून के लिए चले थे। सुबह सात बजे कार करीब 15 मीटर गहरी खाई में पलट गई। हादसे में घायल भूपेंद्र की पत्नी नीतू देवी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवप्रयाग पहुंचाया गया। जहां उनकी मौत हो गई, जबकि भूपेंद्र भी घायल हैं। बेटा आयुष को कोई चोट नहीं आई हैं।



