उत्तराखंड में कोरोना से छह माह पुरानी मौत की गई दर्ज, सैंपलिंग में धीमी बढ़ोत्तरी
उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों से तो राहत है, लेकिन सैंपलिंग की गति भी धीमी है। हालांकि, गुरुवार को इसमें मामूली बढ़ोत्तरी हुई। वहीं, छह माह पुरानी मौत भी कोरोना के आंकड़े में जोड़ी गई। ये मौत एक मई को हरिद्वार जिले में हुई थी। राहत की बात ये है कि लगातार तीसरे दिन भी किसी की कोरोना से मौत नहीं हुई। गुरुवार को 13188 सैंपल लिए गए। बुधवार को 10396 और मंगलवार को 12159 सैंपल लिए गए थे। गुरुवार 11 नवंबर की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना के 13 नए संक्रमित मिले। एक दिन पहले बुधवार को आठ नए संक्रमित मिले थे। टिहरी और रुद्रप्रयागजिला कोरोना से मुक्त हैं। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो गुरुवार को 1057 केंद्रों में 51839 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए। प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू की बजाय अब कोरोना प्रतिबंध (covid restriction) है। इसकी अवधि 20 नवंबर तक है। अब इसमें संशोधन किया गया है। शादी समारोह सहित अन्य आयोजनों में सौ फीसद क्षमता से लोग उपस्थित हो सकेंगे।उत्तराखंड में कोरोना की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
2021.11.11 Health Bulletin
अब तक कुल 7403 मौत
उत्तराखंड में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 343987 हो गई है। इनमें से 330280 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान सात लोग स्वस्थ हुए। एक्टिव मरीजों की संख्या 146 है। अब तक प्रदेश में कुल 7403 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। मौत की दर 2.15 फीसद पर स्थिर है। रिकवरी रेट 96.02 फीसद हो गया है। सात मई को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई थी।
ब्लैक फंगस से राहत
उत्तराखंड में ब्लैक फंगस के नए केस थम से गए हैं। गुरुवार को ब्लैक फंगस का कोई केस नहीं मिला। किसी मरीज की मौत नहीं हुई। अब तक विभिन्न अस्पतालों में ब्लैक फंगस के 590 मामले दर्ज किए गए। इनमें अब तक 133 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। 381 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।



