पिछले साल हुई उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तर की परीक्षा की जांच करेगी एसआइटी
उत्तराखंड में पिछले साल दिसंबर-2021 में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित स्नातक स्तर की भर्ती परीक्षा में धांधली के संदेह में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। अब कथित अनियमितताओं की जांच के लिए एक विशेष कार्य बल (STF) का गठन किया गया है। स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में कथित धांधली के मामले में देहरादून पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) ने मामले की जांच एसटीएफ को सौंप दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने जांच के आदेश दिए थे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)यूकेएसएसएससी ने पिछले साल (2021) में 4 और 5 दिसंबर को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। 854 पदों के लिए आयोग की यह सबसे बड़ी परीक्षा थी, जिसमें विभिन्न विभागों की 13 कैटेगरी में पदों को भरा जाना था। कल शुक्रवार को उत्तराखंड राज्य के बेरोजगार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से दिनांक 4 एवं 5 दिसम्बर 2021 को आयोजित स्नातक स्तर की परीक्षा में हुई अनियमितता/गड़बड़ी के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंप कर कार्यवाही की मांग की थी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार के आदेशों के क्रम में स्नातक स्तर की परीक्षा में हुई अनियमितता व गड़बड़ी के सम्बन्ध में थाना रायपुर में मु.अपराध सं. 289/22 धारा 420 भादवि बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया है। इस मामले की गम्भीरता को देखते हुए विवेचना उत्तराखंड एसटीएफ को स्थानान्तरित करने के आदेश पारित किये गये हैं।




