टी-20 विश्वकप के लिए आसान नहीं है भारत में 15 सदस्सीय टीम का चयन, ये दो खिलाड़ी बने चिंता का सबब, जानिए संभावित खिलाड़ी
भले ही अभी टी-20 विश्वकप के लिए काफी समय है, लेकिन क्रिकेट के इस महाधमाल के लिए भारत की क्रिकेट टीम का चयन भी टेढ़ी खीर बनता जा रहा है। गुरुवार को आस्ट्रेलिया ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी तो भारतीय क्रिकेट फैंस के साथ ही मीडिया में भारत की टीम को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। दो खिलाड़ी चयन समिति के लिए चिंता का सबब बने हैं। हालांकि उन्हें चुना तो जा सकता है, पर खिलाने को लेकर संशय हो सकता है। ये खिलाड़ी हैं ओपनर शिखर धवन और हार्दिक पांड्या। गौरतलब है कि आइसीसी ने टी-20 वर्ल्ड कप 2021 का शेड्यूल घोषित कर दिया है। इस बार टी-20 वर्ल्ड कप यूएई में खेला जाएगा। पहले इसका आयोजन भारत में ही होना था। कोरोना के कारण इसे यूएई में शिफ्ट कर दिया गया है। टूर्नामेंट का आयोजन 17 अक्टूबर से होगा और इसका फाइनल 14 नंवबर को खेला जाना है।
इन दो स्टार खिलाड़ियों पर सेलेक्शन कमेटी को सबसे ज्यादा माथापच्ची करनी पड़ सकती है। इनमें शिखर धवन का नाम सबसे आगे है। धवन के पास अनुभव है। उन्हें विश्व कप टीम में जगह मिल सकती है। फाइनल इलेवन में उन्हें जगह मिलने पर संदेह के बादल मंडरा रहे हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह कप्तान विराट कोहली का विश्व कप में खुद के रोहित के साथ पारी शुरू करने को लेकर दिया गया बयान है।
इसका इशारा कोहली ने आईपीएल 2021 के शुरुआती चरण में बेंगलोर के लिए पारी की शुरुआत करके भी दिया था। तब उन्होंने देवदत्त पडिक्कल के साथ पारी की शुरुआत की थी। हालांकि, कोहली विश्व कप में पारी शुरू करेंगे या नहीं, इसकी पूरी तरह पुष्टि इससे भी होगी कि कोहली बचे हुए आईपीएल में फिर से ओपनिंग करते हैं या नहीं। वहीं, टीम मैनेजमेंट को हार्दिक पंड्या को लेकर भी पूरी तरह स्पष्ट होना होगा। हार्दिक टीम को संतुलन प्रदान करते हैं, लेकिन यह तब गायब हो जाता है, जब वह कोटे के चार ओवर नहीं फेंक पाते। या परफॉर्म नहीं कर पाते।
वहीं, हाल ही में हार्दिक बल्लेबाज बन चुके हैं। ऐसे में यह सवाला मैनेजमेंट का सवाल पीछा करता रहेगा। यह सेलेक्टरों के सामने दूसरा बड़ा सवाल है क्योंकि श्रीलंका में पिछले दिनों हार्दिक का प्रदर्शन बतौर बल्लेबाज भी स्तरीय नहीं रहा था। ये दोनों वो खिलाड़ी हैं, जिन्हें विश्व कप के लिए भारतीय टीम में जगह मिलना लगभग तय है, लेकिन ओपनिंग और हार्दिक पंड्या को लेकर ऐसे सवाल हैं, जो विश्व कप शुरू होने तक ही नहीं, बल्कि इसके दौरान भी कप्तान विराट और कोच रवि शास्त्री का पीछा करते रहेंगे।
ये हो सकती है संभावित टीम
1.विराट कोहली (कप्तान) 2. रोहित शर्मा (उपकप्तान) 3. केएल राहुल 4. शिखर धवन 5. सूर्यकुमार यादव 6. ऋषभ पंत 7. हार्दिक पंड्या 8. रवींद्र जडेजा 9. शार्दूल ठाकुर 10. युजवेंद्र चहल 11. जसप्रीत बुमराह 12. दीपक चाहर 13. भुवनेश्वर कुमार 14. इशान किशन 15. वॉशिंगटन सुंदर।



