उत्तरकाशी जिले में स्कूटी खाई में गिरी, दो सगे भाइयों सहित तीन की मौत
उत्तरकाशी जनपद में एक स्कूटी के खाई में गिरने से दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया।
उत्तरकाशी जनपद में एक स्कूटी के खाई में गिरने से दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि तीनों टिहरी और उत्तरकाशी क्षेत्र में राजमिस्त्री का काम करते थे।हादसा शनिवार को उत्तरकाशी जिले के डुंडा तहसील अंतर्गत धौन्तरी रातलधार के पास हुआ। घटना शनिवार की दोपहर करीब एक बजे की है। स्कूटी करीब सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। स्कूटी में 3 लोग सवार थे। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। ये लोग रातलधार से उत्तरकाशी की ओर जा रहे थे। मृतकों में दो सगे भाई हैं। मृतकों की शिनाख्त हर्षलाल (45वर्ष) पुत्र शांतिलाल निवासी पोखरियाल गांव उत्तरकाशी, सोहनलाल (38 वर्ष) पुत्र फगणदास तथा मोहनलाल (40) पुत्र फगणस दास निवासी मुखेम टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।




