उत्तराखंड में बारिश जारी, 144 संपर्क मार्ग बंद, दून में मकान की छत गिरी, पांच अगस्त तक भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में फिर से बारिश का दौर तेज हो गया है। लगातार बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में चट्टानें दरक रही हैं। रास्ते बंद हो रहे हैं। चारधाम यात्रा मार्ग सहित कई राजमार्ग बंद हो रहे हैं, जिन्हें बार बार मलबा हटाकर खोला जा रहा है। देहरादून में चौकी लक्ष्मण चौक के नजदीक शिवाजी मार्ग में एक मकान की छत गिर गई। बताया जा रहा है कि सुरेश चंद्र पुत्र प्रकाश चंद्र निवासी 176 शिवाजी मार्ग के मकान की छत तेज बारिश के दौरान गिर गई। मकान में सुरेश चंद पत्नी राधा तथा बेटे सुमित रहते हैं। छत गिरते समय घर के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे अप्रिय घटना होने से बच गई। राज्य भर में करीब 144 संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो चुके हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिन और भारी पड़ने वाले हैं। ऐसे में पांच अगस्त तक के लिए भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन से रास्ते बंद होने और नदी नालों में प्रवाह बढ़ने की चेतावनी दी गई है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ सकता है।
प्रदेशभर में कुल 144 संपर्क मार्ग अब भी बाधित हैं। इससे कई गांवों में रोजमर्रा की वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित है। पहाड़ों में बंद पड़े मार्गों को खोलने का कार्य भी जारी है। कुछ स्थानों पर संपर्क मार्ग पिछले तीन दिन से बाधित हैं। खासकर उत्तरकाशी में सर्वाधिक 52 मार्ग बंद पड़े हैं। इसके अलावा चमोली में 24 और पौड़ी में 22 मार्गों पर आवाजाही ठप है। कुमाऊं के बागेश्वर में 11 सड़कें बंद होने से करीब 15 हजार लोग प्रभावित हैं। धरमघर-बालीघाट मोटर मार्ग के चिड़ंग के समीप मलबा आने से घंटों वाहनों की लगी लंबी कतार लगी रही। पिथौरागढ़ जिले में 19 मार्ग बंद हैं। दारमा मार्ग 45वें दिन भी नहीं खुल सका है। चंपावत जिले में टनकपुर-पिथौरागढ़ नेशनल हाईवे पर भारतोली के पास मलबा आने से बंद सड़क आठ दिन बाद भी नहीं खुल पाई है।
उत्तराखंड का मौसम
उत्तराखंड में आज रविवार यानी एक अगस्त की सुबह से ही देहरादून सहित बारिश का दौर जारी है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक आज पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत व पौड़ी जिले में कहीं कहीं तेज बौछारों के साथ भारी बारिश का अनुमान है।
दो से पांच अगस्त तक बारिश का दौर तेज होने वाला है। दो अगस्त को कुमाऊं क्षेत्र के जिलों के साथ ही गढ़वाल क्षेत्र में चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी जिले में कहीं कहीं तेज बौछार के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। तीन अगस्त को कुमाऊं क्षेत्र के जिलों के साथ ही चमोली, रुद्रप्रयाग देहरादून और पीड़ी जिले में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। चार व पांच अगस्त को राज्य के जिलों में कहीं कहीं तेज बौछार के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।



