गणपति विसर्जन पर निकाली गई शोभायात्रा, 251 महिलाओं का किया सम्मान
गणेश उत्सव के समापन पर देहरादून में कई स्थानों पर शोभायात्रा निकाली गई। इस मौके पर गणपति युवा समिति के तत्वाधान में पश्चिम पटेलनगर में आयोजित 15 वें गणपति उत्सव के अवसर पर शोभा यात्रा की कलश यात्रा में शामिल 251 महिलाओं को प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने शॉल पहना कर व आक्सिमीटर मास्क व सैनिटाइजर किट भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अनंत चतुदर्शी व गणपति मूर्ती विसर्जन की बधाई देते हुए धस्माना ने कहा कि सनातन परंपरा के प्रथम पूज्य गणपति जी को प्रथम पूज्य होने का सौभाग्य मां की कृपा से ही मिला। उन्होंने कहा कि पौराणिक कथा के अनुसार जब गणेश जी को हाथी का शीश भगवान ने लगाया तो मां पार्वती ने उनसे ये वरदान मांगा की जब कोई शुभ कार्य पूजा यज्ञ जप तप या अनुष्ठान हो तो सबसे पहले श्री गणेश पूजन हो। तत्पश्चात आगे का कार्य हो। भगवान शंकर ने तथास्तु कह कर यह परंपरा की अनुमति दी। धस्माना ने कहा कि मां के आशीर्वाद से किसी भी ऊंचाई तक पहुंचा जा सकता है।
इस अवसर पर उत्सव के समापन कार्यक्रम का संचालन करते हुए चंद्रमोहन आनंद ने धस्माना द्वारा निरंतर 15 वर्षों से गणपति उत्सव में दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार श्री धस्माना सक्रिय रूप से पूरे अनुष्ठान को सम्पन्न करवाने के लिए सहयोग देते हैं, निश्चत रूप से ईश्वर उन पर विशेष कृपा बनाये रखेंगे । इस अवसर पर तजेंद्र हरजाई, मनीष जौली, योगेश आनंद , एसपी सूरी, अशोक गुलानी, उषा जौली, महक जौली, रचना सूरी, जया गुलानी, डॉक्टर प्रतिमा सिंह, कमलेश रमन, राधा भाटिया, हेमा मकोल, कमलेश भाटिया, मीनू शर्मा, दीपा भाटिया, स्नेहा शर्मा, मीता हरजाई, अलका अरोरा, सुमन दुआ आदि उपस्थित थे।
गणेश चतुर्थी के समापन समारोह में कांग्रेस नेता हुए शामिल
कैंट विधानसभा के अंतर्गत जीएमएस रोड इंदिरा पार्क और आसपास की कॉलोनी के लोगों ने आज गणेश चतुर्थी समापन समारोह आयोजित किया। इसमें कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप आंदोलनकारी समिति के केंद्रीय सचिव नरेंद्र सोठियाल समेत कई प्रमुख नेता इस रैली में शामिल हुए। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिला भक्तों ने भी इसमें शिरकत की। इस मौके पर निकाली गई शोभायात्रा में आगे ईश्वर भक्ति के भजन गाते हुए लोग चल रहे थे। इस मौके पर उपस्थित प्रमुख लोगों में ट्विंकल अरोड़ा, पायल, मधु ठाकुर समेत कई लोग मौजूद थे।



