शनिवार को सादगी से होगी आइएमए में पीओपी, राष्ट्रपति कोविंद पहुंचे दून, परेड की लेंगे सलामी
आइएमए देहरादून में अब पासिंग आउट परेड शनिवार को सादगी के साथ आयोजित की जाएगी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद परेड की सलामी लेंगे। इसके लिए वह दून पहुंच गए।
आइएमए देहरादून में अब पासिंग आउट परेड शनिवार को सादगी के साथ आयोजित की जाएगी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद परेड की सलामी लेंगे। इसके लिए वह दून पहुंच गए। जौलीग्रांट एयरपोर्ट में राज्यपाल गुरमीत सिंह और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने उनका स्वागत किया। देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत के हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुए आकस्मिक निधन की सूचना के बाद भारतीय सैन्य अकादमी (आइएमए) में अब पीओपी समारोह को सादगी से मनाने का फैसला किया गया है।बुधवार आठ दिसंबर को तमिलनाडु के नीलगिरि जिले में सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें 14 लोग सवार थे। हादसे में सीडीएस बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका के साथ ही 13 लोगों की मौत हो गई। आइएमए की पासिंग आउट परेड (पीओपी) 11 दिसंबर को है। इसमें राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के साथ सीडीएस जनरल रावत को भी भाग लेना था। उनकी अकाल मृत्यु के शोक के चलते आइएमए में पीओपी से पूर्व 10 दिसंबर को होने वाले समारोह को निरस्त कर दिया गया था। इनमें लाइट-साउंड शो व मल्टी एक्टिीविटी डिस्पले के कार्यक्रम शामिल थे।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के देहरादून आगमन और भारतीय सैन्य अकादमी (आइएमए) में शुक्रवार को पीओपी की रिहर्सल के चलते यातायात पुलिस की ओर से कई रूट पर यातायात डायवर्ट किया गया। राष्ट्रपति कोविंद शाम चार बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान राष्ट्रपति के आगमन के समय जौलीग्रांट एयरपोर्ट, भानियावाला तिराहा, रिस्पना, रायपुर, ईसी रोड, न्यू कैंट रोड, विजय कालोनी पुल, राजभवन, सीएम आवास तिराहा, जीटीसी हेलीपैड, गढ़ी कैंट चौक, कौलागढ़ चौक, एफआरआइ बल्लूपुर चौक, आइएमए रोड पर यातायात डायवर्ट किया गया और यहां जीरो जोन रहा।



