उत्तराखंड में कोरोना के नए संक्रमितों में फिर आया उछाल, लगातार दूसरे दिन हुई एक मौत
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण लगातार झटके दे रहा है। उतार चढ़ाव के इस दौर में लगातार दूसरे दिन एक और मरीज की कोरोना से जान चली गई। इसके साथ ही नए संक्रमितों की संख्या में फिर से उछाल दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश के तीन जिले बागेश्वर, टिहरी और उत्तरकाशी फिलहाल कोरोनामुक्त हैं। मंगलवार 21 दिसंबर की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 29 नए संक्रमित मिले। इस अवधि में एक मरीज की मौत हुई। एक दिन पहले सोमवार 20 दिसंबर को 11 नए संक्रमित मिले थे। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो मंगलवार को 998 केंद्रों में 49070 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए।उत्तराखंड में कोरोना की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
2021.12.21 Health Bulletin
अब तक कुल 7415 मौत
उत्तराखंड में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 344631 हो गई है। इनमें से 330858 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 30 लोग स्वस्थ हुए। एक्टिव मरीजों की संख्या 168 है। अब तक प्रदेश में कुल 7415 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। मौत की दर 2.15 फीसद पर स्थिर है। रिकवरी रेट 96 फीसद है। सात मई को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई थी।



