Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

March 5, 2026

अब केदारनाथ धाम में मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर दर्शन कर सकेंगे तीर्थयात्री, अब तक 2510054 यात्री पहुंच चुके हैं चारधाम

उत्तराखंड में इस बार चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। चारों धामों के कपाट खुलने से लेकर अब तक 2510054 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। वहीं, केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों के लिए मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश पर प्रतिबंध समाप्त कर दिया गया है।

उत्तराखंड में इस बार चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। चारों धामों के कपाट खुलने से लेकर अब तक 2510054 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। वहीं, केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों के लिए मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश पर प्रतिबंध समाप्त कर दिया गया है। ये प्रतिबंध शुक्रवार से समाप्त किया गया है। अब श्रद्धालु गर्भगृह में जाकर बाबा केदार के दर्शन कर कर रहे हैं।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि इस वर्ष मई व जून माह में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण गर्भगृह में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। श्रद्धालु सभामंडप से ही बाबा केदार के दर्शन कर रहे थे। अब संख्या कम होने के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर के गर्भगृह में जाकर पूजा की छूट दी गई है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं कि संख्या में कमी को देखते हुए मंदिर में दर्शनों के समय में भी परिवर्तन किया गया है। शुक्रवार से श्री केदारनाथ मंदिर में प्रात: चार बजे के स्थान पर पांच बजे से धर्म दर्शन शुरू कर दिए गए हैं। अपराह्न 03 बजे से 4:45 बजे तक भोग, पूजा व सफाई के लिए कपाट बंद किए जा रहे हैं। शाम को श्रृंगार पूजा के पश्चात रात्रि 9 बजे पुन कपाट बंद किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इसी तरह श्री बदरीनाथ धाम में मंदिर में भगवान बदरी विशाल की अभिषेक पूजा प्रात: पांच बजे से संपन्न हो रही है तथा इस दौरान भी तीर्थयात्री धर्मदर्शन कर रहे है। शाम को विभिन्न पूजाओं के पश्चात रात्रि 9 बजे तक कपाट बंद हो रहे हैं। बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेंद्र ने बताया कि मंदिर समिति तीर्थयात्रियों को मंदिरों में सरल- सुगम दर्शन हेतु प्रतिबद्ध है।
चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह
चारधाम यात्रा को लेकर इस बार श्रद्धालुओं में भी उत्साह है। अब तक चारों धामों में 2510054 लोग दर्शन कर चुके हैं। श्री बदरीनाथ धाम कपाट में खुलने की तिथि 8 मई से 1 जुलाई शाम तक 905468, केदारनाथ धाम में कपाट खुलने की तिथि 6 मई से 1 जुलाई शायं तक 834303 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें हेलीकॉप्टर से धाम पहुंचने वाले 81958 तीर्थयात्री भी शामिल हैं। श्री यमुनोत्री धाम में कपाट खुलने की तिथि 3 मई से 1 जुलाई तक 335802 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं श्री गंगोत्री धाम में कपाट खुलने की तिथि 3 मई से 1 जुलाई तक 434481 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। श्री हेमकुंट साहिब लोकपाल तीर्थ पहुंचे तीर्थयात्रियों की संख्या कपाट खुलने की तिथि 22 मई से 30जून तक 162452 है। हालांकि बरसात आरंभ होने पर यात्रियों की संख्या में कमी आई है। एक जुलाई को बदरीनाथ धाम में 4387, केदारनाथ धाम में 2703, गंगोत्री धाम में 2244, यमुनोत्री धाम में 1570 श्रद्धालु पहुंचे।
सरकार की सलाह
प्रदेश‌ सरकार, जिला पुलिस, प्रशासन, आपदा प्रबंधन, पर्यटन विभाग, मंदिर समिति की अपील है कि तीर्थयात्री मौसम अलर्ट, सड़क मार्ग की स्थिति बारिश की स्थिति देखकर यात्रा मार्गों पर आगे बढ़ें। भारी बारिश भूस्खलन की स्थिति में सुरक्षित स्थानों में रहें। यात्रा के दौरान जोखिम न लें। उत्तराखंड सरकार की ओर से तीर्थयात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए चार धाम यात्रा के लिए उत्तराखंड पर्यटन की ओर से निशुल्क आनलाईन अथवा फिजीकल काउंटरों से फोटोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है।

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *