भारत में फिर तेजी से बढ़े नए कोरोना संक्रमित, उत्तराखंड में धमाका, यहां मिले एक साथ कई संक्रमित
भारत में कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या में उतार चढ़ाव जारी है। दो दिन लगातार नए केस कम होने के बाद अचानक फिर से बड़ा उछाल देखा गया। उत्तराखंड भी इससे अछूता नहीं रहा। यहां भी कोरोना का बड़ा विस्फोट हुआ है। बुधवार 19 जनवरी की सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 282970 नए मामले सामने आए। इस अवधि में कोरोना से 441 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 188157 लोगों ने कोरोना को मात दी। इस समय देश में कोरोना के 1831000 सक्रिय मरीज हैं। अब तक कोरोना के कुल 35583039 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, देश में कोरोना से अब तक कुल 487202 मौत हो चुकी है। अब तक कुल 1588847554 वैक्सीनेशन हो चुका है। वहीं, अब तक ओमिक्रॉन के कुल 8961 केस सामने आ चुके हैं।पिछले सात दिन के आंकड़े
देश में मंगलवार 18 जनवरी को कोरोना के 238018 लाख केस और 310 मरीजों की मौत, सोमवार 17 जनवरी को कोरोना के 258089 नए मामले और 385 लोगों की मौत, रविवार 16 जनवरी को कोरोना वायरस के 271202 केस और 314 मौत, शनिवार 15 जनवरी को कोरोना के 268833 नए मामले और 402 लोगों की मौत, शुक्रवार 14 को कोरोना के 264202 नए मामले और 315 मरीजों की मौत, गुरुवार 13 जनवरी को 247417 नए कोरोना केस और 380 मरीजों की मौत, बुधवार 12 जनवरी को कोरोना के 194720 नए मामले और 442 लोगों मौत हुई थी।
उत्तराखंड में नए संक्रमित चार हजार के पार, छह मौत
उत्तराखंड में एक बार फिर से कोरोना का धमाका हो गया है। दैनिक संक्रमितों की संख्या में बड़ा उछाल देखा गया। वहीं, मौत के आंकड़ों ने भी चिंता बढ़ा दी है। कोरोना के एक्टिव केस भी प्रदेश में 20 हजार के पार पहुंच गए हैं। मंगलवार 18 जनवरी की शाम को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के 4482 नए संक्रमित मिले। इस अवधि में छह लोगों की कोरोना की वजह से जान चली गई। एक दिन पहले सोमवार 17 जनवरी को कोरोना के 3295 नए संक्रमित मिले थे और चार लोगों की कोरोना की मौत हुई थी। उत्तराखंड में रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू है। उत्तराखंड में यदि टीकाकरण की बात की जाए तो मंगलवार को 1229 केंद्रों में 41284 लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए।
उत्तराखंड में कोरोना की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
2022.01.18 Health Bulletin
कोरोना से अब तक 7450 मौत
उत्तराखंड में अब कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 377731 हो गई है। इनमें से 341797 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 1865 लोग स्वस्थ हुए। एक्टिव मरीजों की संख्या 20620 हो गई है। अब तक प्रदेश में कुल 7450 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। मौत की दर 1.97 फीसद है। रिकवरी रेट 90.49 है। सात मई 2021 को सर्वाधिक 9642 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। 15 मई 2021 को सर्वाधिक 197 मौत दर्ज की गई थी। ऐसे में आज के आंकड़े अभी इस रिकॉर्ड से करीब आधे हैं। ये राहत की बात है कि मौत के मामलों में पिछले साल की अपेक्षा कमी आई है।
एलबीएस मसूरी में 84 प्रशिक्षु अधिकारी कोरोना संक्रमित, पुलिस मुख्यालय में मिले 18
उत्तराखंड में एक बार फिर से कोरोना का हमला तेज हुआ है। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी (एलबीएसएनएए), मसूरी में 84 प्रशिक्षु अधिकारियों के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी मिली है। जिला सर्विलांस अधिकारी डा राजीव दीक्षित ने इसकी पुष्टि की। सभी अधिकारियों को अकादमी में ही आइसोलेट किया गया है। सभी का स्वास्थ्य ठीक है। कुछ में जरूर हल्के-फुल्के लक्षण मिल रहे हैं।
एलबीएस अकादमी के अधिकारियों के मुताबिक 489 प्रशिक्षु अधिकारियों का दल प्रशिक्षण के तहत गुजरात के ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण पर गया था। कई दिन उन्होंने भ्रमण में बिताए। बीते रविवार को अधिकारियों के अकादमी में लौटने पर कोरोना की जांच की गई। जिला सर्विलांस अधिकारी के मुताबिक रिपोर्ट में 84 अधिकारियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी अधिकारियों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही हैं। साथ ही अकादमी परिसर स्थित अस्पताल के चिकित्सक भी निरंतर अधिकारियों की सेहत पर नजर बनाए हुए हैं।
क्राइम ब्रांच पर कोरोना की सेंध
उधर, बताया जा रहा है कि उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय में 18 से अधिक अधिकारियों कर्मचारी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। सबसे अधिक क्राइम ब्रांच में कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। चुनाव के चलते ब्रांचों को बंद भी नहीं किया जा रहा है, जो अधिकारी या कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं उन्हें छुट्टी पर भेज दिया जा रहा है।



