लिज ट्रस बनी ब्रिटेन की तीसरी महिला प्रधानमंत्री, कड़े मुकाबले में भारतवंशी ऋषि सुनक को दी मात
लिज ट्रस ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री चुनी गई हैं। उन्होंने कड़े मुकाबले में भारतीय मूल के पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक को मात दी है। लिज ट्रस को 81326 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी ऋषि सुनक को 60399 वोट प्राप्त हुए। पहले पांच राउंड के मुकाबले में ऋषि सुनक को भारी बढ़त हासिल थी, लेकिन कंजरवेटिव पार्टी के सदस्यों की अंतिम वोटिंग के दौरान लिज ट्रस ने जीत हासिल की है। इस चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने खुलकर लिज ट्रस का समर्थन किया था। उन्होंने पार्टी के सदस्यों और सांसदों से लिज ट्रस के लिए वोट भी मांगे थे। बोरिस जॉनसन आरोप लगाते रहे हैं कि ऋषि सुनक के इस्तीफे के कारण ही उन्हें प्रधानमंत्री की कुर्सी गंवानी पड़ी थी। अब 7 सितंबर को लिज ट्रस बतौर प्रधानमंत्री ब्रिटिश संसद में उपस्थित होंगी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)यह नतीजे आज ब्रिटिश समय के अनुसार शाम 12:30 बजे घोषित हुए। विदेश मंत्री लिज ट्रस और उनके प्रतिद्वंध्वी ऋषि सुनक कंजरवेटिव पार्टी के मुखिया के पद के लिए जोर आज़मा रहे थे। लिज ट्रस ब्रिटेन की तीसरी महिला प्रधानमंत्री होंगीं। उनसे पहले थेरेसा मे और मार्गेट थेचर ब्रिटेन की प्रधानमंत्री रह चुकी हैं। 47 साल की लिज़ ट्रस चुनावी मुकाबले में 42 साल के ऋषि सुनक से चुनावी सर्वे में आगे बताई जा रहीं थीं। आखिरी चरण का फैसला करीब 200,000 टोरी सदस्यों ने किया है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
जुलाई में बोरिस जॉनसन ने कई विवादों में घिरने के बाद कंजरवेटिव पार्टी के मुखिया पद से इस्तीफा दे दिया था। ब्रिटेन में कंजरवेटिव पार्टी सत्ता में है और सत्ता धारी दल का मुखिया ही प्रधानमंत्री पद का दावेदार होता है। ब्रिटेन की विदेश मंत्री ने इस मुकाबले में भारतमूल के पूर्व वित्तमंत्री ऋषि सुनक को पछाड़ा है। 1992 में बनी कमिटी के अध्यक्ष सर ग्राहम ब्रेड्री ने 47 साल की लिज ट्रस के इस मुकाबले में जीतने की घोषणा की। वह कंजरवेटिव पार्टी के सांसद हैं और पार्टी के लीडरशिप के चुनाव के अधिकारी भी थे।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।



