लक्ष्मण झूला क्षेत्र में बगीचे में सो रहे फक्कड़ बाबा को हाथी ने पटककर मार डाला
उत्तराखंड में आश्रमों की नगरी ऋषिकेश से सटे थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र में बगीचे में सो रहे एक फक्कड़ बाबा को हाथी ने पटक कर मार डाला। साथ ही उसने दूसरे बाबा पर भी हमला किया।
उत्तराखंड में आश्रमों की नगरी ऋषिकेश से सटे थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र में बगीचे में सो रहे एक फक्कड़ बाबा को हाथी ने पटक कर मार डाला। साथ ही उसने दूसरे बाबा पर भी हमला किया। वह किसी तरह हाथी के हमले से बचकर भाग निकले। हमले में घायल होने के कारण उन्हें ऋषिकेश स्थित राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। मौके पर पुलिस और वन विभाग के कर्मी तैनात हैं। जहां घटना हुई, वो क्षेत्र पौड़ी गढ़वाल के अंतर्गत आता है।नीलकंठ महादेव मंदिर यात्रा को लेकर पूरे क्षेत्र में रात और दिन श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पुलिस गेस्ट हाउस निकट भागीरथी धाम मार्ग पर रात्रि में बड़ी संख्या में बगीचे के किनारे फक्कड़ संन्यासी और साधु सोये रहते हैं। सोमवार की तड़के बगीचे में आए हाथी ने वहां सोये एक फक्कड़ बाबा को जमीन में पटक कर मार डाला।
करीब 50 वर्षीय इस फक्कड़ बाबा के आसपास और भी बाबा सोए थे। एक अन्य फक्कड़ को भी हाथी ने ठोकर मारी, कुछ दूर जाकर वह गिर गए। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद थाना अध्यक्ष वीरेंद्र रमोला पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंचे। वन विभाग को भी सूचित किया गया। हाथी तब तक बगीचे के रास्ते जंगल की ओर चला गया। मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है।




