उत्तराखंड में आफत की बारिश, चमोली में बादल फटा, मकानों में घुसा मलबा, ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी आई उफान पर
उत्तराखंड में सितंबर माह में भी मानसून की बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश से भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं।
उत्तराखंड में सितंबर माह में भी मानसून की बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश से भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं, मैदानी क्षेत्र में भी नदियों और नालों के उफान में आने से आसपास के इलाकों में खतरा बढ़ गया है। चमोली जिले में नारायणबगड़ के पंती इलाके में बादल फटने से काफी नुकसान हुआ है। पहाड़ी का मलबा लोगों के घरों में घुस गया। सड़क पर खड़ी दो बाइक मलबे में दब गई। भूस्खलन से कर्णप्रयाग-ग्वालदम मार्ग बंद है। ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी के उफान में आने से पुल के नीचे खड़े वाहन फंस गए हैं। मौसम विभाग ने आगामी चार दिन तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के मुताबिक, कल 21 सितंबर तक देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं तेज बौछार, गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद 22, 23 और 24 सितंबर को भी राज्य के पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बौछारें पड़ने का अनुमान है।



