Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

March 3, 2026

ओलंपिक में भी कोरोना का साया, खेल गांव में दो एकलीट हुए पॉजिटिव, भारतीय खिलाड़ियों का पहला जत्था टोक्यो रवाना

जापान की राजधानी टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों के शुरू होने से पांच दिन पहले ही दो एथलीट ओलंपिक विलेज में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

ओलंपिक में भी कोरोना का साया नजर आने लगा है। तीसरी लहर की संभावनाओं के बीच यहां खिलाड़ियों का हर दिन कोरोना टेस्ट किया जा रहा है। इस बीच खबर आई है कि जापान की राजधानी टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों के शुरू होने से पांच दिन पहले ही दो एथलीट ओलंपिक विलेज में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ओलंपिक आयोजन समिति के अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है। वहीं, भारतीय खिलाड़ियों का पहला जत्था टोक्यो रवाना हो गया है।
शनिवार को भी एक शख्स को कोविड संक्रमित पाए जाने के बाद उसे खेल आयोजन और ओलंपिक विलेज से दूर कर दिया गया था। हालांकि, वह शख्स खिलाड़ी नहीं था। बता दें कि 5 दिन बाद यहां खेलों के शुभारंभ में हजारों एथलीट और अधिकारी मौजूद रहेंगे। इतनी कड़ी निगरानी के बीच संक्रमित के मिलने से हड़कंप मच गया है। इस बीच टोक्यो में भी कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। इससे चिंता बढ़ गई है।
भारतीय खिलाड़ियों का पहला दल रवाना
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले आठ खेलों के भारतीय खिलाड़ियों एवं सहयोगी सदस्यों को शनिवार शाम को दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर औपचारिक विदाई दी। खिलाड़ियों के पहले जत्थे को विदाई देने के लिए ठाकुर के साथ खेल राज्यमंत्री निसिथ प्रमाणिक, भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के महानिदेशक संदीप प्रधान और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा एवं महासचिव राजीव मेहता के साथ अन्य अधिकारी शामिल थे। यहां से रवाना हुए भारतीय दल में कुल 88 सदस्य हैं, जिसमें 54 खिलाड़ियों के अलावा सहयोगी सदस्य और आईओए के प्रतिनिधि भी शामिल हैं।
शनिवार को रवाना हुए दल में तीरंदाजी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, हॉकी, जूडो, जिम्नास्टिक, तैराकी और भारोत्तोलन से जुड़े खिलाड़ी और सहयोगी सदस्य शामिल हैं। इस दल में पुरुष और महिला हॉकी टीम के खिलाड़ियों की संख्या सबसे ज्यादा हैं। हॉकी टीमों का हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जिसमें हवाई अड्डे के कर्मचारी दोनों तरफ खड़े होकर ताली बजा रहे थे।
अमेरिका से टोक्यो पहुंची चानू
शीर्ष भारतीय भारोत्तोलक मीराबाई चानू 23 जुलाई से शुरू होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए शुक्रवार को ही अमेरिका में अपने प्रशिक्षण केन्द्र से टोक्यो पहुंच गई थी। ओलंपिक में भारत की इकलौती भारोत्तोलक चानू, राष्ट्रीय कोच विजय शर्मा और सहायक कोच संदीप कुमार के साथ टोक्यो पहुंची। चानू के एक अन्य सहायक कोच प्रमोद शर्मा दिल्ली से पहले जत्थे के साथ रवाना हुए।
मुक्केबाजों का दल इटली से रवाना
भारतीय मुक्केबाजों का दल भी इटली से तोक्यो रवाना हो चुका है जो आज रविवार को जापान की राजधानी पहुंचेगा। निशानेबाजों का दल क्रोएशिया से तोक्यो आने के बाद शनिवार को तड़के खेल गांव पहुंचा। जहां उन्हें उनके कमरे सौंप दिए गए।
भारतीय दल में 119 खिलाड़ी
भारत के 228 लोगों के दल में 119 खिलाड़ी शामिल है। कोविड-19 महामारी के कारण ओलंपिक खेलों का आयोजन सख्त प्रतिबंधों के साथ दर्शकों के बिना होगा। वरुण ठक्कर, गणपति चेंगप्पा, विष्णु सरवनन, नेत्रा कुमानन के साथ भारतीय नौकायन दल सबसे पहले टोक्यो पहुंचा था।

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *