पाक पर भारत की ऐतिहासिक विजय दिवस 16 दिसंबर को कांग्रेस नेता राहुल आएंगे दून, कांग्रेसियों ने निकाला मशाल जुलूस
भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान भारत की विजय के उपलक्ष्य में 16 दिसंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी देहरादून में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसकी तैयारी में कांग्रेस जुटी हुई है। वहीं, देर रात कांग्रेसियों ने विजय दिवस के उपलक्ष्य में मशाल जुलूस निकाला। इसका नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने किया।जुलूस राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय से गांधी पार्क होते हुए घंटाघर तक निकाला गया। पार्टी कार्यकत्री बिमला मन्हास व संयोगिता रानी ने कांग्रेस भवन में जनरल बिपिन रावत की याद में जल रही अखंड ज्योति से मशाल को प्रज्वलित किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वक्ताओं ने कहा कि 16 दिसंबर, 1971 भारत के इतिहास का एक स्वर्णिम दिन था। इस दिन पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के मजबूत इरादों से ले. जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा के नेतृत्व में भारतीय सेना के शौर्य और अदम्य साहस की बदौलत भारत ने पाकिस्तान पर विजय हासिल की थी, जिसके परिणामस्वरूप पाकिस्तान का विभाजन होकर एक नया देश बांग्लादेश बना। 16 दिसंबर, 2021 को इस एतिहासिक विजय की स्वर्णिम (50वीं) वर्षगांठ है।
1971 के युद्ध में शामिल भारतीय सेना के समस्त युद्ध नायकों एवं शहीदों की याद में 16 दिसंबर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी परेड ग्राउंड में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित करेगी। कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी युद्ध के नायकों एवं शहीद सैनिकों के परिवारों को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश सहप्रभारी राजेश धर्माणी, प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, विधायक मनोज रावत, प्रदेश महामंत्री मथुरादत्त जोशी, धीरेंद्र प्रताप, राजेंद्र शाह, प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, पूर्व विधायक राजकुमार, डा. आरपी रतूड़ी, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, गरिमा दसौनी आदि मौजूद रहे।




