कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद बोले-नहीं करूंगा झूठे वायदे, अभी नहीं लगता कि 300 सीटें जीत पाएगी कांग्रेस
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को 300 सीटें मिलेंगी। क्योंकि अभी हालात ऐसे नहीं है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को 300 सीटें मिलेंगी। क्योंकि अभी हालात ऐसे नहीं है। बुधवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ में एक रैली को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने ये बात कही। धारा 370 पर अपनी चुप्पी को सही ठहराते हुए आजाद ने कहा कि केवल सुप्रीम कोर्ट जहां मामला लंबित है और केंद्र ही इसे बहाल कर सकता है। बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 को निरस्त किया है, इसलिए वह इसे बहाल नहीं करेगी। मैं आपसे कहूं कि मैं उसे वापस लाऊंगा, तो यह झूठ है।पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि कहा कि संसद में 370 के बारे में मैं अकेला ही बात कर रहा था और किसी ने बात कही ही नहीं। उन्होंने अनुच्छेद 370 की फिर से बहाली को लेकर के कहा कि जब मामला कोर्ट में है तो मैं ये नहीं कहूंगा कि मैं तारे तोड़कर लाऊंगा, मैं चांद को जमीन पर उतारुंगा। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के अलावा कोई कर सकता है तो वो मौजूदा सरकार कर सकती है, लेकिन उसने जब अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया तो वो कैसे इसे बहाल करेगी।
उन्होंने कहा कि मैं यह वादा नहीं कर सकता हूं कि 2024 में 300 एमपी आएंगे तो धारा 370 को बहाल करूंगा। उन्होंने कहा कि मुझे अभी नहीं लगता है कि कांग्रेस के 300 सांसद आएंगे, इसलिए मैं गलत वादा भी नहीं करूंगा। इससे पहले जम्मू प्रांत के किश्तवाड़ जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उमर अब्दुल्ला ने आजाद की उस कथित टिप्पणी पर निराशा जतायी थी, जिसमें वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा था कि अनुच्छेद 370 के बारे में बोलना व्यर्थ है। इसपर आजाद ने कहा था कि- मीडिया के कुछ वर्गों ने कश्मीर में मेरे भाषण को गलत तरीके से पेश करने की कोशिश की। मैं यह स्पष्ट कर दूं कि पांच अगस्त के फैसले पर हमारा एकजुट, एकल रुख है। इस फैसले से जम्मू और कश्मीर के लोगों में व्यापक असंतोष पैदा हुआ है।



