Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

April 1, 2026

कानून व्यवस्था को लेकर डीजीपी से मिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल, पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में की गई ये मांग

उत्तराखंड कांग्रेस ने प्रदेश में कानून व्यवस्था के ध्वस्त होने का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया है। साथ ही सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर जोशी के हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की गई। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल डीजीपी दीपम सेठ से मिला। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस मुख्यालय में हुई बैठक में भी हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की गई। साथ ही कहा गया कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

उत्तराखंड में ध्वस्त कानून व्यवस्था, आए दिन घट रही हत्या, लूट, डकैती, चेन स्नेचिंग व गुंडागर्दी की घटनाओं से आक्रोशित कांग्रेसियों का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से मुलाकात की। इस मौके पर प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था पर उनको अवगत करवाते हुए मांग पत्र सौंपा। साथ ही राज्य की कानून व्यवस्था ना सुधारने की स्थिति में सड़कों पर उतर कर आंदोलन की चेतावनी दी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

कांग्रेस नेता धस्माना ने पुलिस प्रमुख से कहा कि प्रदेश सरकार, आबकारी विभाग व प्रशाशन की मिलीभगत से राज्य में अपराध घटित हो रहे हैं और राजधानी देहरादून में इस वर्ष अपराधों की बाढ़ आ गई है। उन्होंने कहा कि सोमवार को जोहड़ी गांव में दो अपराधी गुटों में हुई गोलीबारी की चपेट में आए ब्रिगेडियर वीके जोशी की हत्या से पूरे देहरादून का जनमानस आक्रोशित है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले चार वर्षों में घटित आपराधिक घटनाओं का ब्यौरा बहुत लंबा चौड़ा है। इसमें वर्ष 2022 में अंकिता भंडारी हत्या कांड से लेकर सोमवार दो मार्च 2026 को राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हुआ और इस घटना में मॉर्निंग वॉक को घर से निकले सेना के अवकाश प्राप्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की गोली लगने से मौत हो गई। ये मामले यह साबित करने के लिए काफी है कि प्रदेश में अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ समाप्त हो चुका है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि इस वर्ष की शुरुआत में ही राज्य की राजधानी देहरादून में अनेक खौफनाक आपराधिक वारदातें दिन दहाड़े घटित हुईं। उनमें फरवरी माह की शुरुआत में पलटन बाजार में सुबह सुबह राह चलती युवती की हत्या चापड़ से गर्दन काट कर की गई। फरवरी 11 को सुबह दस बजे परेड ग्राउंड के पास प्रेस क्लब के सामने अर्जुन नाम के युवा की गोलियों से भून कर हत्या कर दो गई। 13 फरवरी को देहरादून की सबसे प्रमुख सड़क राजपुर रोड में सिल्वर सिटी माल के भीतर सुबह साढ़े दस बजे जिम से लौट रहे युवक की गोलियां बरसा कर हत्या कर दी गई। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

इसके अलावा फरवरी के महीने में ही हरिद्वार में रविदास जयंती के अवसर पर दो लोगों की मौत, हल्द्वानी मंडी में एक युवक युवती की हत्या समेत अनेक जघन्य घटनाएं दो महीने के भीतर घटित हुई। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है और पुलिस का खौफ अपराधियों के दिलों दिमाग से पूरी तरह समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि जोहड़ी गांव में घटित घटना को पुलिस दोपहर तक रोड रेज का मामला बताती रही। यह रोड रेज का नहीं, बल्कि अवैध तरीके से पूरी पूरी रात खुलने वाले नाइट क्लब में हो रही शराब खोरी व अनैतिक कार्यों के कारण गुटीय संघर्ष का नतीजा है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

कांग्रेस नेता धस्माना ने कहा कि पुलिस को अनेक बार इस बात की शिकायत की गई कि देहरादून में और विशेष रूप से राजपुर रोड में संचालित होने वाले नाइट क्लब और बार अनुमति के समय के बाद रात रात भर खुले रहते हैं। वहां पूरी रात शराब और अन्य अनैतिक कार्य होते हैं। ऐसे स्थानों पर किसी प्रकार का प्रतिबंध या नियंत्रण और कार्रवाई नहीं की जाती, जो इस बात को प्रमाणित करती है कि इसके बदले पुलिस, आबकारी विभाग और प्रशाशन को सुविधा शुल्क दिया जाता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

प्रतिनिधिमंडल में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, महानगर अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी, पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन सिंह नेगी, प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल, श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश कौशल, गोरखा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल बस्नेत, प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, विजय शाही, आनंद सिंह पुंडीर, संतोष नैनवाल, एसपी बहुगुणा, गोपाल गड़िया, अनुज दत्त शर्मा, जीएस नेगी शामिल रहे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

 

सेवानिवृत्त ब्रिकेडियार की मौत पर कांग्रेस का कड़ा रुख
देहरादून में दो गुटों के बीच चली गोलीबारी की चपेट में आने से ब्रिगेडियर (सेनि) मुकेश जोशी की मौत के मामले में कांग्रेस ने गंभीर चिंता व्यक्त की। साथ ही निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग की है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व सैनिक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल रोहित चौधरी ने देहरादून पहुंचकर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और इसे केवल एक हादसा मानने से इनकार करते हुए संभावित षड्यंत्र के तौर पर भी जांच किए जाने की आवश्यकता बताई। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कर्नल रोहित चौधरी ने कहा कि दिनदहाड़े करीब तीन किलोमीटर तक दो वाहनों का तेज रफ्तार में पीछा करना और लगातार फायरिंग होना राज्य की कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश की सेवा करने वाले एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी की इस प्रकार की मृत्यु अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने पूरे प्रदेश के पूर्व सैनिकों की ओर से शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में सभी जोशी परिवार के साथ खड़े हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

कांग्रेस चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भी इस घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देहरादून में लगातार हो रही इस प्रकार की घटनाएं शासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती हैं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल मजबूत करने की मांग की। ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

 

वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता सुजाता पॉल ने भी इस मामले में कई गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना कई महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाने का संकेत देता है। उन्होंने पूछा कि राजपुर क्षेत्र के जिस जेन-ज़ी क्लब से विवाद की शुरुआत बताई जा रही है, वहां मौजूद लोगों के नाम और उनका पूरा विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से रात आठ बजे की गई प्रेस वार्ता में यह स्पष्ट किया गया कि यह रोड रेज का मामला नहीं, बल्कि दो गुटों के बीच का झगड़ा था। ऐसे में यह स्पष्ट किया जाना आवश्यक है कि इन लोगों के पास हथियार कहां से आए और उनका संबंध किन संगठनों से है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

उन्होंने प्रशासन से यह भी सवाल किया कि सुरक्षा व्यवस्थाओं के नाम पर अब तक क्या ठोस कार्रवाई की गई है और उन पब व क्लबों के खिलाफ क्या कदम उठाए गए जो देर रात तक संचालित होते हैं और जहां इस तरह की घटनाएं जन्म लेती हैं। कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में मांग की कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए तथा पूर्व सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)

प्रेस वार्ता के उपरांत कर्नल रोहित चौधरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल स्वर्गीय ब्रिगेडियर जोशी के परिजनों से मिलने उनके आवास पहुंचा और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके उपरांत, कर्नल रोहित चौधरी ने सैन्य धाम का भी दौरा किया, जहां उन्होंने निम्न स्तर के कार्य को देखकर रोष व्यक्त किया और संबंधित अधिकारियों से गुणवत्ता सुधारने की मांग की। इस अवसर पर कर्नल राम रतन नेगी, कर्नल मोहन सिंह, लेफ्टिनेंट गोपाल गड़िया, सूबेदार बचन सिंह, हवलदार महेश कुकरेती, सूबेदार राजपाल, सूबेदार सुरजीत, लेफ्टिनेंट साहदेव शर्मा, पंकज क्षेत्री, अमरजीत सिंह, शिशपाल बिष्ट, गरिमा दसौनी उपस्थित रहे।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *