भाजपा का उत्सव, पुरोला विधायक ने ली पार्टी की सदस्यता, मनाया जश्न, कहीं निकली साइकिल यात्रा, नेताओं का कांग्रेस और आप पर प्रहार
हर बात को उत्सव की तरह मनाना हो तो भाजपा से सीखा जा सकता है। हाल ही में दिल्ली में भाजपा में शामिल हुए पुरोला के विधायक राजकुमार ने अब समर्थकों के साथ उत्तराखंड भाजपा कार्यालय पहुंचकर विधिवत सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान ढोल बजे, उत्सव मनाया गया। वहीं, कहीं भाजपा नेताओं ने साइकिल रैली निकाली तो हरिद्वार में युवा मोर्चा ने सम्मेलन आयोजित किया। इस दौरान आगामी चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस और आप पर कोई हमला करने से नहीं चूका। साथ ही कांग्रेस के खिलाफ तो भाजपा नेताओं ने आरोपों की बरसात ही कर दी है।भाजपा में आए पुरोला के कांग्रेस विधायक राजकुमार कार्यकर्ताओं की भीड़ के साथ प्रदेश कार्यालय पहुंचे। इस दौरान ढोल नगाड़े बजे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक आज खुशी का दिन है कि कांग्रेस के राजकुमार के साथ सैकड़ों कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।
कौशिक ने कहा भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी और ये सौभाग्य की बात है कि हमारे पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में विश्व का सबसे प्रभावशाली एवं लोकप्रिय नेतृत्व है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मीडिया के सामने आकर जिस तरह कांग्रेस द्वारा किये जा रहे अपमान को बयां किया, उससे कांग्रेस के परिवारवाद की पराकाष्ठा प्रमाणित होती है। इससे ये स्पष्ट है कांग्रेस का मतलब सोनिया राहुल प्रियंका है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी संगठन आधारित पार्टी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कांग्रेस के राजकुमार भाजपा के राजकुमार हुए है। राजकुमार का भाजपा परिवार में स्वागत करते है। उन्होंने कहा कि भारत का मान सम्मान बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कार्य किया है, उसका पूरा विश्व अनुसरण और लोहा मान रहा है। अफगानिस्तान में पैदा हुई स्थिति पूरे विश्व के सामने है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने अपने प्रत्येक नागरिक को सकुशल स्वदेश लाने का कार्य किया है। यह सामान्य बात नहीं है। यह देश के नागरिक के प्रति उनके कर्तव्य को उन्होंने निभाया है। जिससे कि पिछले 70 सालों में देश के नागरिक वंचित रहे।
इस अवसर पर राजकुमार ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों से प्रभावित होकर एवं कांग्रेस के परिवार वाद के त्रस्त होकर भाजपा परिवार में शामिल हुआ। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य भारत मां की सेवा करना है और राजनीति उस लक्ष्य को पूरा करने का माध्यम है।
इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, प्रदेश मंत्री नीरू देवी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, जिला अध्यक्ष उत्तरकाशी रमेश चौहान, जिला महामंत्री उत्तरकाशी सत्येंद्र राणा, जिला महामंत्री देहरादून अरुण मित्तल, जिला महामंत्री युवा मोर्चा उत्तरकाशी हरिमोहन सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष उत्तरकाशी डोभाल आदि उपस्थित थे।
आप उत्तराखंड में नहीं पहले दिल्ली में पूरे करें वायदे: कौशिक
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि आम आदमी पार्टी को लोक लुभावन घोषणा के बजाय जमीनी स्तर पर बात करनी चाहिए। उन्होनें कहा कि दिल्ली मॉडल दिल्ली में ही फेल हो गया है और आप अन्य राज्यों में इसे लागू करने का शिगूफा छोड़ रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रफल और जनसंख्या के लिहाज से दिल्ली में कितना विकास हुआ और आम आदमी पार्टी का इसमें कितना योगदान है इस पर ध्यान देने की जरुरत है। उत्तराखंड में रोजगार और वेरोजगारी भत्ता देने की बात करने वाली आप ने दिल्ली में कितना रोजगार और भत्ता दिया यह भी देखने का सवाल है। उन्होंने कहा कि घोषणा और वायदे में फर्क है क्योंकि कहना आसान है और करना कठिन। भाजपा घोषणा के साथ उनके क्रियान्वयन में भरोसा रखती है। दूसरे राज्य में आकर कुछ वायदे करने से बेहतर पहले अपने यहाँ पर ध्यान देने की जरुरत है, क्योंकि हकीकत सबको पता है।
बड़ोवाला में निकाली साइकिल रैली
आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर के नेतृत्व में बड़ोवाला में पीएम नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया अभियान के तहत साइकिल रैली निकाली गई। इस कार्यक्रम में श्री मानक सिद्ध एथलेटिक एकेडमी कारबारी के छात्र छात्राओं व तमाम स्थानीय युवाओं ने प्रतिभाग किया। रैली का शुभारंभ भंडारी फार्म हाउस बड़ोवाला से नगर निगम पार्षद विनय रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता खेमचंद गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष जीवन रावत, भाजपा मंडल महामंत्री ताजबर सिंह नेगी, भाजपा युवा मोर्चा मंडल महामंत्री अभिषेक चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रशेखर जोशी ने हरि झंडी दिखाकर किया गया। इस दौरान भारत माता की जय और वीर शहीदो के नाम के नारे लगते रहे। साइकिल रैली के लिये तमाम प्रतिभागियों को नवीन ठाकुर द्वारा फिट इंडिया अभियान की टी शर्ट वितरित की गयी।
साइकिल रैली की शुरुआत भंडारी फार्म हाउस बड़ोवाला से शुरू हुई जिसका समापन शौर्य फार्म हाउस बड़ोवाला में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से प्रवीण पुरोहित, प्रेम भंडारी, प्रवीण ठाकुर, जीवन अधिकारी, संतोष रावत, बिजेंद्र रावत, चंद्रशेखर सांवत, साहवेज, सिकंदर रावत, अंकित तोमर, जीवन बर्मन, सुरेंद्र नेगी, आकाश कुमार, सुनील कुमार, दिपा बिष्ट, अनिता भंडारी, आशारानी गुरंग, सुमन चौधरी, सुंदर पाल, आशिष कश्यप का सहयोग रहा।
कांग्रेस सब कुछ कॉपी कर सकती है, लेकिन नियत कॉपी नही कर सकती: वैभव सिंह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के साथ ही उनके मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के रूप में 20 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश के 252 मंडलों में सेवा और समर्पण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चल रहे सेवा-समर्पण के कार्यक्रम का आज हरिद्वार में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री वैभव सिंह और प्रदेश अध्यक्ष कुन्दन लटवाल ने समीक्षा बैठक ली।
राष्ट्रीय महामंत्री वैभव सिंह ने कहा कि युवा मोर्चा ऐसे कार्यक्रम करता है जो देश को समर्पित होते है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी जी ने सारा जीवन देश की उन्नति के लिए समर्पण किया है। उन्होंने सभी प्रकार की योजनाएं देश के सबसे गरीब व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है। उनके समर्थक और देशवासी सेवा और समर्पण कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं ।
उन्होंने मोर्चा कार्यकर्ताओ को कैसे युवा मोर्चा का विस्तार करना चाहिए, इसके भी टिप्स दिए। उन्होंने कहा जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या जी उत्तराखंड आयेगें। सिंह ने कहा अब कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी से बहुत सारी चीजें कॉपी कर रही है। कांग्रेस सब कुछ कॉपी कर सकती है, लेकिन नियत कॉपी नही कर सकती। उन्होंने कहा युवा मोर्चा भारतीय जनता पार्टी का चेहरा है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नही। हम जो काम कर रहे है उसे युवा मोर्चा ने घर घर तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा न किसान खतरे में है न इस्लाम खतरे में है। मोदी ने जिन खानदानों की दुकानें बंद कर दी सिर्फ वो खतरे में है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कुन्दन लटवाल ने कहा पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से ‘सेवा और समर्पण’ अभियान की शरुवात हो चुकी है। 7 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में बीजेपी के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर संपर्क और संवाद करेंगे। इसके दौरान सेवा कार्यों की जो योजना बनाई गई है। मोर्चों के कार्यकर्ताओं को अभियान में अलग अलग जिम्मेदारी दी गई है। इस मौके पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राघवेन्द्र जी एवं गौरव सहगल,प्रदेश महामंत्री रंजन बर्गली, हरजीत सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष मधुसूदन जोशी प्रदेश मंत्री सागर गोयल, सुधीर जोशी, दिव्या राणा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनोज पटवाल, सोशल मीडिया प्रभारी अमित नारंग एवं प्रदेश के पदाधिकारी एवं प्रकोष्ठ के संयोजक एवं सह संयोजक उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं को गांधी परिवार के घर आगे तलने चाहिए पकोड़े
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बिपिन कैंथोला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को सोनिया गांधी व राहुल गांधी के घर के आगे पकौड़े तलने चाहिए, जिनके कारण कांग्रेसी बेरोजगार हो गए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपने पार्टी शासित राज्यो के मुख्यमंत्रीयों के आवास के आगे भी पकोड़े तलने चाहिए। कैंथोला ने कहा कि कांग्रेस के नेता अपनी यूपीए के 10 वर्ष के काले शासनकाल को भूल जाते है, उन्हें तबके अपने रोगजगारों के सृजन को भी देख लेना चाहिए। 2004 से पूर्व जहां हमने एनडीए के द्वारा जिस स्थान पर देश को जिस प्रगति पर छोड़ा था, उस पर भी आंकलन करके बात करने चाहिए।



