भाजपा के बागी जगवीर सिंह भंडारी हुए कांग्रेसी, यमुनोत्री विधानसभा से निर्दलीय ठोकी थी ताल, अब लेंगे नाम वापस
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के दौरान पाला बदल का खेल जारी है। टिकट न मिलने पर भाजपा के बागी जगवीर भंडारी ने यमुनोत्री विधानसभा से निर्दलीय ताल ठोकी थी। अब वह कांग्रेसी हो गए। देहरादून में कांग्रेस चुनाव प्रभारी देवेंद्र यादव के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ले ली है।
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के दौरान पाला बदल का खेल जारी है। टिकट न मिलने पर भाजपा के बागी जगवीर भंडारी ने यमुनोत्री विधानसभा से निर्दलीय ताल ठोकी थी। अब वह कांग्रेसी हो गए। देहरादून में कांग्रेस चुनाव प्रभारी देवेंद्र यादव के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ले ली है। अब उन्होंने नामांकन वापस लेने की घोषणा की है।भाजपा के यमुनोत्री से 2012 के विधानसभा प्रत्याशी रहे दर्जा राज्यमंत्री जगवीर सिंह भण्डारी ने श्रीमती सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी के नेतृत्व में आस्था व्यक्त करते हुए अपने साथियों के साथ देहरादून में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलवाते हुए प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव ने कहा कि जगवीर सिंह भण्डारी व उनके साथियों के कांग्रेस पार्टी में आने से विधानसभा चुनाव में पार्टी को इसका लाभ मिलेगा। साथ ही कांग्रेस प्रत्याशी भारी बहुमत से विजयी होगा।
उन्होने कहा कि भाजपा के नाकारापन के कारण आज कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वालों की संख्या से साफ जाहिर होता है कि भाजपा के कुशासन से समाज का हर तबका त्रस्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में राज्य का विकास ठप्प हो गया है। पिछली कांग्रेस सरकार के समय जिन जनहित की योजनाओं को शुरू किया गया था, भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही उन्हें बंद कर दिया। राज्य की जनता भाजपा के कुशासन से उबरना चाहती है।एकबार फिर से कांग्रेस को सत्ता सौंपकर राज्य में विकास के पहियों को चलाना चाहती है।
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि श्री जगवीर सिंह भण्डारी न केवल 2012 के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे बल्कि उन्होंने नौगांव ब्लाक प्रमुख तथा दर्जा राज्यमंत्री के रूप में क्षेत्र के विकास में अपना योगदान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले पांच साल में जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप खरी नहीं उतरी इसलिए जनता ने आगामी 14 फरवरी को राज्य से भाजपा की विदाई निश्चित कर दी है। इस अवसर इस अवसर पर यमुनोत्री विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी दीपक बिजल्वाण, कांग्रेस प्रदेश सचिव अतोल रावत, सुखदेव रावत, निर्मल चौहान, विजयपाल रावत, डॉ. कपिल रावत, पूर्व जिला जज जयदेव सिंह एवं प्रदीप गैरोला आदि वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित थे।




