बीजेपी नेता की गोलियों से भूनकर हत्या, घर के बाहर मिला खून से सना शव
पूर्वी दिल्ली में बुधवार शाम को एक स्थानीय भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मयूर विहार फेज 3 में एक पुलिस कांस्टेबल को उनके घर के सामने से खून से सना भाजपा नेता जीतू चौधरी का शव मिला। वह 42 वर्ष के थे। पुलिस ने अपने एक बयान में कहा कि पीड़ित को गोलियां लगी थीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना बुधवार की शाम करीब 8:15 बजे की है। घटनास्थल से कुछ खाली कारतूस और अन्य महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए गए हैं।जानकारी के अनुसार बदमाशों ने बीजेपी नेता जीतू चौधरी पर 6 गोलियां दागी हैं। जीतू चौधरी बीजेपी के मयूर विहार जिले के मंत्री थे। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जीतू चौधरी का कंस्ट्रक्शन का व्यवसाय था। उनका किसी ठेकेदार से रुपयों को लेकर विवाद चल रहा था। माना जा रहा है कि हत्या के पीछे लेन-देन विवाद हो सकता है।
पुलिस का कहना है कि उपयुक्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है और बदमाशों को पकड़ने के लिए आगे की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि जीतू चौधरी पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाकर घायल कर दिया था। इसके बाद लोगों ने उन्हें निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। वहीं अस्पताल में डॉक्टरों ने जीतू चौधरी को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस का कहना है कि उनकी क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज की तलाश की जा रही है।




