बीजीपी ने की वर्चुअली सभा, सीएम धामी ने गिनाई उपलब्धियां, नेहा जोशी ने किया ये दावा
कोरोना महामारी के बीच चुनावी गाइडलाइन के मद्देनजर उत्तराखंड भाजपा ने आज पहली वर्चुअल सभा की। दावा किया गया कि सबसे पहले भाजपा ने वर्चुअली सभा की। वहीं, पिछले कई दिनों से लगातार आम आदमी पार्टी भी वर्चुअली संवाद का दावा कर रही है। देहारादून स्थित पार्टी के स्टुडियो से अपने सम्बोधन में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र सरकार की मदद से राज्य में संचालित 1.5 लाख करोड़ की योजनाएं और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों का जन आशीर्वाद भाजपा को 60 पार के रूप में मिलेगा। इस अवसर पर उन्होने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाई। साथ ही विपक्ष पर हमला किया। इस अवसर पर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक ने कांग्रेस के साथ साथ ‘आप’ पार्टी को निशाने पर लेते हुए दिल्ली दंगों में उत्तराखंडवासियों की हत्या के गुनाहगारों को बचाने का आरोप लगाया।इस मौके पर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कोविड प्रोटोकॉल के तहत वर्चुअल सभाएं ही अधिक संभव हैं। प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने अपने सम्बोधन में सभी कार्यकर्ताओं से कोविड नियमों का पालन करते हुए अपने और संपर्क में आने वाली जनता के स्वस्थ्य की चिंता करते हुए विधानसभा चुनावों में जीत के लिए जुट जाने का आह्वान किया। इस वर्चुअल सभा में वर्चुअल सभा संयोजक पुष्कर काला, शेखर वर्मा, अजीत नेगी समेत अनेक पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।
बदली परिस्थितियों में भाजपा ने बदला प्रचार का तरीका
कोरोना संक्रमण काल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में विशेष परिस्थिति को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रचार अभियान को नई धार दी है। भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी ने बताया कि उत्तराखंड के प्रसिद्ध आरजे काव्या के साथ ही प्रसिद्ध यूट्यूबर “ठेठ पहाड़ी”एवं कंचन जदली जैसी सक्षम कार्टूनिस्ट को चुनाव प्रचार से जोड़ा गया है।
नेहा के अनुसार कंचन जदली के कार्टून सोशल मीडिया पर खूब पसंद किए जा रहे हैं। घुघुती संक्रांत पर उनके बनाए कार्टून को स्वयं मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री एवं चुनाव प्रभारी बीएल संतोष ने अपने टि्वटर हैंडल पर स्थान दिया है। उत्तराखंड के प्रसिद्ध आरजे काव्या ने भाजपा उत्तराखंड का थीम सॉन्ग बनाया जिसे सभी विधानसभाओं में प्रचार के लिए जाने वाले एलईडी वाहनों में चलाया जा रहा है। इसी प्रकार ठेठ पहाड़ी यूट्यूबर उत्तराखंड में घूम घूम कर भाजपा की संभावनाओं पर गणमान्य नागरिकों की राय ले रहे हैं।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी के अनुसार इस चुनाव में परंपरागत प्रचार के साधनों की अपेक्षा भाजपा का यह प्रयोग सफल हो रहा है और प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम वोकल फॉर लोकल के उद्देश्यों को भी पूरा कर रहा है। हम प्रदेश की ऐसी और भी प्रतिभाओं को अपने प्रचार में जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।




