उत्तराखंड में 10 अगस्त तक भी जारी रहेगा बारिश का दौर, पांच दिन का येलो अलर्ट, यहां बंद हैं स्कूल
उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का दौर आगामी एक सप्ताह यानि कि 10 अगस्त तक भी जारी रहेगा। लगातार बारिश और भूस्खलन से पहाड़ी इलाकों में सड़कें बंद हो रही हैं। वहीं, आज तीन अगस्त से लेकर सात अगस्त तक राज्य में भारी बारिश का अनुमान है। ऐसे में राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने पांच दिन के लिए राज्यभर में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और तेज बौछार की भी आशंका है। भारी बारिश के चलते आज नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत जिले में 12वीं तक के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद हैं। तीनों जिलों के जिला प्रशासन की ओर से ये आदेश जारी हुए हैं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
मौसम की स्थिति
फिलहाल गुरुवार की सुबह देहरादून में मौसम साफ था। आज देहरादून सहित राज्यभर के जिलों में कहीं कहीं गर्जन, तेज बौछार के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान पर्वतीय जिलों में भूस्खलन की घटनाएं होंगी और नदी नालों का जल प्रवाह बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। बारिश का यही क्रम सात अगस्त तक भी जारी रहेगा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
तापमान की स्थिति
गुरुवार तीन अगस्त की सुबह करीब 11 बजे देहरादून का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था। इसके अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने की संभावना है। कल चार अगस्त को तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। अधिकतम तापमान गिरकर 28 डिग्री हो सकता है। इसके बाद पांच अगस्त से लेकर 10 अगस्त तक अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के करीब रहने की संभावना है। साथ ही दस अगस्त तक देहरादून में कहीं कहीं भारी बारिश की संभावना है। हालांकि, अब बारिश लगातार नहीं हो रही है। एक दो घंटे के दौर चल रहे हैं।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो।



