योगी कैबिनेट के दो मंत्री नाराज, एक ने अमित शाह को भेजा इस्तीफा, लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
लखनऊ से दिल्ली तक के सियासी गलियारों में यह चर्चा चल रही है कि क्या योगी आदित्यनाथ सरकार के दो मंत्री बगावत पर उतर आए हैं। योगी सरकार के दो मंत्रियों में पीडब्लूडी मंत्री जितिन प्रसाद और जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटिक सरकार के कामकाज से नाराज चल रहे हैं। जितिन प्रसाद के तो दिल्ली पहुंचने की खबर भी है। वहीं, जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटिक के इस्तीफ़े की ख़बर है। खटिक की नाराजगी की वजह यह है कि मंत्री होने के बावजूद उन्हें किसी तरह का काम नहीं दिया जा रहा है। खटिक के भी दिल्ली पहुँच कर अमित शाह से मिलने की खबर है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए) जल संसाधन राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता और देश के गृह मंत्री अमित शाह को अपना इस्तीफा भेजा है। उन्होंने ये कहते हुए पद छोड़ा है कि वह दलित हैं, इसलिए उनकी नजरअंदाज किया गया है। अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि मैं दलित समाज से हूं। इसलिए मेरी अनदेखी की गई। नमामि गंगा और हर घर जल योजना में नियमों की अनदेखी हो रही है। ट्रांसफ़र पोस्टिंग में भ्रष्टाचार हो रहा है। मेरी अनदेखी से दलित समाज आहत है। मेरा कोई मंत्री के तौर पर अस्तित्व नहीं है। मेरे लिए राज्यमंत्री के तौर पर काम करना दलित समाज के लिए बेकार है। न मुझे बैठक में बुलाया जाता है न ही मुझे मेरे मंत्रालय में हो रहे कार्यों के बारे में बताया जाता है। मैं आहत होकर अपना त्यागपत्र दे रहा हूं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
जल संसाधन राज्य मंत्री दिनेश खटीक के इस्तीफे की अटकलें पहले से लगाई जा रही थी। बताया जा रहा है कि दिनेश खटीक अपने विभाग के वरिष्ठ मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से नाराज हैं। मंगलवार को खटीक कैबिनेट मीटिंग में शामिल हुए थे। इसके बाद वह सरकारी गाड़ी छोड़ कर मेरठ अपने घर चले गए। खबर तो ये भी है कि जलशक्ति विभाग में तबादले की उनकी सिफारिश नहीं सुनी गई और काम का स्पष्ट बंटवारा न होने से उनके पास करने को कुछ है नहीं। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
दिल्ली में जितिन प्रसाद गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलेंगे। उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग (PWD) में हुए तबादलों में धांधली को लेकर यूपी सरकार ने एक्शन लेते हुए दोषियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। सीएम योगी आदित्यनाथ के कड़े रुख के बाद कई अधिकारियों पर गाज गिरी है। सीएम के आदेश पर PWD के पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। इसके तहत जितिन प्रसाद के OSD को हटा दिया गया था। जितिन प्रसाद के OSD अनिल कुमार पांडे पर जांच भी बैठाई गई है। गौरतलब है कि जितिन प्रसाद अनिल पांडेय को दिल्ली से लेकर आए थे और उन्हें अपना ओएसडी बनाया था। हालांकि जितिन प्रसाद ने दिल्ली जाने को लेकर सफाई भी दी है।




