पुलिस भर्ती और डीएलएड अभियर्थियों के मुद्दे पर यूकेडी ने देहरादून में किया प्रदर्शन
उत्तराखंड क्रांति दल जिला महानगर देहरादून की ओर से पुलिस भर्ती के परिणाम और वरीयता सूची जिलेवार घोषित करने की मांग के साथ ही डीएलएड अभ्यर्थियों की काउंसलिंग एवं नियुक्ति जनपद वार घोषित करने को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया।
उत्तराखंड क्रांति दल जिला महानगर देहरादून की ओर से पुलिस भर्ती के परिणाम और वरीयता सूची जिलेवार घोषित करने की मांग के साथ ही डीएलएड अभ्यर्थियों की काउंसलिंग एवं नियुक्ति जनपद वार घोषित करने को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया। उक्रांद के पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक बीडी रतूड़ी जी के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन के दौरान जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी भेजा गया। इससे पहले यूकेडी कार्यालय के कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला गया।इस मौके पर बीडी रतूड़ी जी ने कहा कि वर्तमान में पुलिस भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। सरकार के पुलिस भर्ती में जनपद वार कोटा खत्म करने के निर्णय से पिछड़े एवं दूरदराज के जनपदों के युवाओं के सेवानियोजित होने में कमी आ जाएगी। इसे कदापि न्यायोचित नहीं माना जा सकता। इसी प्रकार डीएलएड अभ्यर्थियों की काउंसलिंग तथा नियुक्ति राज्य स्तर पर की जा रही है, जबकि रिक्तियां जनपदवार ही निर्धारित हैं। इस निर्णय से एक और जनपद के युवाओं को सेवा नियोजित होने के कम अवसर मिलेंगे। दूसरी ओर जनपद वार रिक्तियों को भरने में भी कमी आने की पूरी संभावनाएं विद्यमान होगी।
यूकेडी के जिला अध्यक्ष महानगर दीपक रावत ने कहा कि सरकार की ओर से यह निर्णय युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उत्तराखंड राज्य की भौगोलिक संरचना के आधार पिछड़े जनपदों के शैक्षिक आधार, सामाजिक आधार आदि कई ऐसी बातें हैं, जिन्हें देखते हुए रोजगार राज्य स्तर पर निर्धारित नहीं किए जा सकते। कार्यकारी जिला अध्यक्ष किरण रावत ने कहा कि शैक्षिक, सामाजिक एवं शारीरिक भिन्नता के आधार पर उत्तराखंड के हर जिले की अपनी अलग-अलग समस्याएं हैं। इन्हें ध्यान में रखते हुए जनपद वार कोटा निर्धारित किया गया था। वर्तमान सरकार पहाड़ी जिलों युवाओं की अनदेखी कर रही है। इससे पहाड़ी युवाओं में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त हो गया है।
यूकेडी ने राज्यपाल से अनुरोध करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस चयन प्रक्रिया को जनपदवार निर्धारित करने तथा डीएलएड अभ्यर्थियों की काउंसलिंग एवं नियुक्ति को जनपदवार ही किए जाने के लिए सरकार को निर्देशित करें। इस अवसर निवर्तमान केंद्रीय महामंत्री जय प्रकाश उपाध्याय, बहादुर सिंह रावत, सुनील ध्यानी, प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रमिला रावत, प्रदेश युवा अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, अशोक नेगी, प्रवीण रमोला, आर शंखधर, जितेंद्र सिंह, विवेक, टीकम सिंह राठौर, रेखा शर्मा, विकास भट्ट, कमलेश नौटियाल, अनुराग पांडे, नीलम रावत, निशा सिंह, सुमित डंगवाल, रविंद्र ममगई, किरण घनशाला, हिमांशु धनाई, दीपक ममगई, रावत, मिथिलेश चौहान आदि उपस्थित थे।



