दिल्ली और पंजाब के सीएम ने गुजरात में निकाली तिरंगा यात्रा, बोले केजरीवाल-ईमानदार व्यवस्था के लिए आप को दें एक मौका
पंजाब चुनाव में अपनी प्रचंड जीत के बाद उत्साहित अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी अब मिशन गुजरात फतह पर निकल पड़ी है। पार्टी ने गुजरात पर पूरी ताकत केंद्रित कर दी है। गुजरात प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का गृह क्षेत्र है। ऐसे में गुजरात का किला फतह करने के लिए आम आदमी पार्टी ने अभी से ताकत झोंकनी आरंभ कर दी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं। पहले दिन भगवंत मान के साथ, केजरीवाल ने आज अहमदाबाद में साबरमती आश्रम का दौरा किया और शहर में एक रोड शो में भाग लिया। इसे तिरंगा यात्रा का नाम दिया गया। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने भीड़ से कहा कि ‘AAP को एक मौका दें।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में भगवंत मान की सरकार आने के दस दिनों में ही भ्रष्टाचार खत्म हो चुका है। दिल्ली में भी यह पहले ही हो चुका है। उन्होंने जनता के बीच सवाल दागा, क्या गुजरात में भी घूस मांगी जाती है तो पब्लिक ने हां में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि गुजरात में बीजेपी का 25 साल का शासन हो गया है। अब एक मौका आम आदमी पार्टी को मिलना चाहिए ताकि यहां भी ईमानदार व्यवस्था कायम की जा सके। उन्होंने कहा कि हमें परखोगे, तो दूसरे दलों को भूल जाओगे।
केजरीवाल ने रोड शो से पहले कहा कि भाजपा 25 साल से राज्य में सत्ता में होने के कारण ”अहंकार में डूबी” हुई है और जनता को उनकी पार्टी को ”एक मौका ”देना चाहिये। केजरीवाल ने कहा कि वह राजनीति करना नहीं जानते, लेकिन भ्रष्टाचार को खत्म करना जानते हैं। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली में हमने भ्रष्टाचार खत्म किया, पंजाब में भगवंत मान ने दस दिन में भ्रष्टाचार खत्म कर दिया। 25 साल के शासन के बाद, वे अहंकार से भरे हुए हैं। आप को मौका दें, जैसे दिल्ली और पंजाब के लोगों ने दिया। केजरीवाल और मान के साथ गुजरात आम आदमी पार्टी के नेता ईशुदान गढ़वी और गोपाल इतालिया भी मौजूद थे। मान ने कहा, ‘दिल्ली और पंजाब के बाद अब गुजरात की तैयारी।
गुजरात में चुनाव अभी करीब नौ महीने दूर हैं।नवंबर-दिसंबर में इसकी कवायद हो सकती है। तिरंगा यात्रा से पहले केजरीवाल साबरमती आश्रम पहुंचे। केजरीवाल और भगवंत मान ने वहां चरखा भी चलाया था। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने साबरमती आश्रम में गेस्ट बुक में अपने विचार दर्ज किए। उन्हें आश्रम के अधिकारियों ने उन्हें चरखे की एक प्रतिकृति और महात्मा गांधी के जीवन से जुडीं पुस्तकें भेंट की। केजरीवाल ने कहा, ‘दिल्ली का सीएम बनने के बाद मैं पहली बार साबरमती आश्रम आया हूं। जब मैं एक सामाजिक कार्यकर्ता था, तब कई बार इस जगह पर आया था। मैं जब भी यहां आता हूं, मुझे आंतरिक शांति मिलती है।




