Loksaakshya Social

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

February 14, 2026

उत्तराखंड में गांधी और शास्त्रीजी को किया गया याद, सरकारी कार्यालय, शिक्षण संस्थानों के साथ ही राजनीतिक दलों ने आयोजित किए कार्यक्रम

उत्तराखंड में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भावपूर्ण तरीके से मनाई गई। इस दौरान सरकारी कार्यालयों में रामधुन बजाई गई।

उत्तराखंड में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भावपूर्ण तरीके से मनाई गई। इस दौरान सरकारी कार्यालयों में रामधुन बजाई गई। अधिकारियों ने अधिनस्थ कर्मियों को मतदाता की शपथ दिलाई। साथ ही नियम, कानून, अच्छा आचरण और देश हित में कार्य करने के संकल्प को दोहराया गया। देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्रीपुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में जरूरतमंद परिवारों को यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडी की ओर से प्रदान की गई खाद्य सामग्री के वाहनों का फ्लैग ऑफ किया। यूपीईएस द्वारा जरूरतमंदों को एक हजार खाद्य सामग्री के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर यूपीईएस की कुलसचिव डॉ. बीना दत्ता, प्रदीप जगवान, मनीष दुबे मौजूद थे।

सचिवालय में दिलाई गई मतदाता शपथ
सचिवालय में मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, मनीषा पंवार, आनंद वर्धन, प्रमुख सचिव, सचिवों सहित अन्य उच्चाधिकारियों एवं करचारियों ने शनिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर राम धुन बजाई गई। मुख्य सचिव द्वारा इस अवसर पर सभी को मतदाता शपथ भी दिलाई गई।

पुलिस मुख्यालय में गांधीजी और शास्त्रीजी को किया नमन
गांधी जयन्ती एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयन्ती के अवसर पर आज दिनांक 02 अक्टूबर, 2021 को पुलिस मुख्यालय में एक सादे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार के साथ ही उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा गाँधी जी व शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस मौके पर डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी जी जयन्ती को पूरा विश्व अन्तरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाता है। महात्मा गाँधी जी ने सत्याग्रह और अहिंसा की ताकत को सभी को दिखाया। पूरे विश्व ने उनके विचारों से सीख ली है। उनके विचार हमेशा ही मूल्यवान रहेंगे और हम सभी उनके दिखाए गए रास्ते का अनुसरण करते हुए देश की सेवा करते रहेंगे।

तत्पश्चात अशोक कुमार ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण निर्वाचन करने व धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक पी/एम अमित सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था , वी मुर्गेशन, पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक ए पी अंशुमानसहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हल्द्वानी में पुलिस कर्मियों ने ली शपथ
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 152वी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री की 117वी स्वर्णिम जयंती के अवसर पर पुलिस बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल प्रीति प्रियदर्शिनी ने गांधी जी एवं शास्त्री जी की प्रतिमाओं का अनावरण कर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर अधीनस्थ पुलिस बल को स्वच्छ भारत मिशन के तहत अपने आसपास के परिसर को स्वच्छ एवं पॉलीथिन मुक्त बनाए रखने की शपथ ग्रहण कराई गई। इसे आज से ही क्रियान्वित करने की अपील की गई।

साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव 2022 के दृष्टिगत मतदाताओं में जन जागरूकता बढ़ाने एवं चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से अधीनस्थ पुलिस बलों को मतदाता दिवस की शपथ दिलवाई गई। इस अवसर पर श्रीमान एसपी सिटी हल्द्वानी, एसपी क्राइम, यातायात नैनीताल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी सहित अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारी गण मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल प्रांगण में क्षेत्राधिकारी यातायात नैनीताल प्रमोद शाह ने गांधी जी एवं शास्त्री जी की प्रतिमाओ का अनावरण कर उनकी प्रतिमाओं मैं माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए गए साथ ही पुलिस बल को अपने आसपास के परिसर को स्वच्छंद एवं प्लास्टिक मुक्त रखने की शपथ के साथ ही मतदाता दिवस की भी शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर पुलिस विभाग में कार्यरत स्वच्छको को उनके उत्साहवर्धन हेतु गरम कम्बल वितरित किये गए।


देहरादून कलेक्ट्रेट में बजाई गई रामधुन
गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर देहरादून कलेक्ट्रेट कार्यालय में अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. शिव कुमार बरनवाल के साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालयों के अधिकारियों एवं कार्मिकों के साथ गांधी जी एवं शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर रामधुन बजायी गई तथा कार्मिकों ने भजन भी गाए। उन्होंने दोनों महान विभूतियों के जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा राष्ट्र के साथ ही निर्बलों एवं निशक्तजनों के उद्धार हेतु दिए गए योगदान को याद किया। इन दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 में स्वीप कार्यक्रम के अन्तर्गत मतदाता सूची में पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए उपस्थित समस्त अधिकारियों कर्मचारियों को मतदाता शपथ भी दिलायी गयी। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चैहान, अपर नगर मजिस्ट्रेट माया दत्त जोशी कलैक्ट्रेट के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ ही जिला सूचना कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

संस्कृति एवं संस्कार से जोड़ती है खादीः मदन कौशिक
गांधी- शास्त्री जयंती पर चल रहे देशव्यापी अभियान के अंतर्गत खादी वस्त्रों की खरीदारी करने चकराता रोड देहरादून स्थित गांधी खादी स्टोर पर पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खादी हमें अपनी संस्कृति एवं संस्कार से जोड़ती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों द्वारा खादी के वस्त्र क्रय करने से इस उद्योग को बल मिला है और खादी की बिक्री में उत्तरोत्तर वृद्धि हुई है। हम भी प्रदेश के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से इस अवसर पर खादी से बने वस्त्र एवं अन्य उत्पाद खरीदने करने की अपील कर रहे हैं। ताकि खादी उद्योग से जुड़े व्यक्ति न सिर्फ आत्मनिर्भर बन सकें बल्कि हमारी मूल संस्कृति का भी प्रचार-प्रसार हो।
आज ही के दिन रामपुर तिराहा पर शहीद हुए आंदोलनकारियों को याद करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक के हृदय में उनका सम्मान है और हम उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए कटिबद्ध है। एक प्रश्न के उत्तर में मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है पर अभी यह सरकारी स्तर पर है संगठन के स्तर पर विस्तृत कार्यक्रम की प्रतीक्षा है।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक हरबंस कपूर , प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी शेखर वर्मा, महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट, महानगर मीडिया प्रभारी राजीव उनियाल, कोषाध्यक्ष लच्छू गुप्ता ,जनरल महादेव मंडल अध्यक्ष बबलू बंसल, पूर्व पार्षद सचिन गुप्ता, शेखर नौटियाल, पीएल सेठ, सुमन सिंह, राजकुमार, सौरभ कपूर सूरज बिष्ट , श्रीमती मधु जैन आदि भाजपा कार्यकर्ता एवं रामनारायण राज्य निदेशक खादी ग्रामोद्योग सोमपाल सिंह अध्यक्ष खादी फेडरेशन मंत्री प्रवीण डबराल स्टोर व्यवस्थापक संजय तोमर आदि उपस्थित रहे।

एम्स में गांधी जी और शास्त्री जी का किया स्मरण
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, एम्स ऋषिकेश में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर महापुरुषों का भावपूर्ण स्मरण किया गया। शनिवार को संस्थान के डीन प्रोफेसर मनोज गुप्ता की अगुवाई में फैकल्टी मेंबर्स, चिकित्सकों व अधिकारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनका भावपूर्ण स्मरण किया और महापुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर संकायाध्यक्ष अकादमिक प्रो. मनोज गुप्ता जी ने कहा कि हम सभी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जी के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के विचारों को अपने जीवन में उतारने से ही देश का विकास व देशवासियों की उन्नति संभव है। डीन एकेडमिक ने कहा कि गांधी जी के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने एवं सभी विद्यार्थियों को उनकी प्रेरणा से सीख लेने को कहा। उन्होंने अपने उद्बोधन में महापुरुषों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। बताया कि महापुरुषों की स्मृति में भारत सरकार द्वारा स्वच्छता कार्यक्रम के अंतर्गत सभी संकाय सदस्यों विद्यार्थियों एवं कार्मिकों को प्रतिभाग सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने सामुहिकरूप से स्वच्छता की शपथ ली, जिसके तहत प्रत्येक सदस्य द्वारा स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने एवं देश को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया गया। बताया गया कि भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित मासिक स्वच्छता कार्यक्रम के अंतर्गत अक्टूबर माह में प्रत्येक कार्यदिवस पर स्वच्छता अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें संस्थान के सभी सदस्य प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग एवं सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत संस्थान परिसर, सभी कार्यालयों, भवनों के संरक्षण एवं रखरखाव जैसी गतिविधियों पर जोर दिया जाएगा। बताया गया कि अक्टूबर माह में होने वाले इस कार्यक्रम में समस्त विभाग, अनुभाग में मुहिम चलाकर अवशेष कचरा, गंदगी का निस्तारण किया जाए।
इस अवसर पर संस्थान परिसर में पौधरोपण अभियान चलाया गया, जिसके तहत विभिन्न प्रजातियों के फल एवं छायादार पौधे रोपे गए। इस अवसर पर नेत्र रोग विभागाध्यक्ष प्रो. संजीव कुमार मित्तल, प्रो बीके बस्तिया, डा.प्रशांत मनोहर पाटिल, डा.विशाल मागो, वित्तीय सलाहकार कमांडेंट पीके मिश्रा, रजिस्ट्रार राजीव चौधरी, अधीक्षण अभियंता बीएस रावत, जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शशिकांत, प्रशासनिक अधिकारी संतोष आदि मौजूद थे।

सीपीआइ (एम) ने किया याद
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने देहरादून स्थित कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को उनकी 152 वीं जयंती पर स्मरण करते हुऐ उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धान्जलि दी।उनके राष्ट्र के लिये महत्वपूर्ण योगदान को याद किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने पूर्व प्रधानमन्त्री लालबहादुर शास्त्री को भी याद किया। साथ ही उत्तराखंड के शहीदों को श्रद्धान्जलि दी।वक्ताओं ने के कहा है कि बापू हमेंशा साम्प्रदायिक एकता आपसी भाईचारे के पक्षधर थे। तथा हिन्दू मुस्लिम एकता के लिये आजीवन संघर्ष करते रहे। इसीलिए आर एस एस के नाथूराम गोडसे ने उनकी हत्या की। क्योंकि संघ इस एकता का विरोधी था। आज देश फिर से उसी दौराहे पर है जब संघ परिवार हिन्दू मुस्लिम के नाम पर समाज को विभाजित करने में लगा है। इसलिए आज देश की एकता धर्मनिरपेक्षता ,साम्प्रदायिक एकता के संघर्ष को तेज करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पार्टी देहरादून महानगर के सचिव अनन्त आकाश, एसएफआई के प्रदेश अध्यक्ष नितिन मलेठा, महामंत्री हिमांशु चौहान, अध्यक्ष शैलेन्द्र परमार, देवराज, मनमोहन सिंह, अमन कण्डारी, आलम, रितेश, तनु, विरेन्द्र रावत, प्रियांशु, राजकुमार, अजयकुमार, दयाकृष्ण पाठक, अतुल भट्ट, पवन आदि ने विचार व्यक्त किए।

एसजीआरआर में किया श्रमदान
गांधी जयंती के अवसर पर श्री गुरु राम राय पीजी कॉलेज देहरादून में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। इस एक दिवसीय शिविर का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य ने स्वयंसेवियों को जागरूक मतदाता बंनने की शपथ दिलवाने के साथ किया। प्राचार्य ने गांधीजी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों पर चलने हेतु प्रेरित किया। चीफ प्रोक्टर डॉ एचवी पंत ने छात्रों को अनुशासन में रहने के लिए प्रेरित किया और महाविद्यालय में हमेशा कोविड नियमों का पालन करने को कहा।
वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ राज बहादुर ने स्वयंसेवियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का वहन करते हुए समाजसेवा के प्रति सदैव तत्पर रहने हेतु प्रेरित किया। इसके बाद स्वयंसेवीयों द्वारा कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ श्यामवीर, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रदीप सिंह, कॉलेज के प्राध्यापक डॉ संदीप नेगी, डॉ सुमंगल सिंह, डॉ वीएस रावत, डॉ एसके पडालिया, डॉ एचसी जोशी, डॉ एपी सिंह, डॉ राकेश ढोंडियाल, डॉ विवेक कुमार आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर एनसीसी ऑफीसर डॉ महेश कुमार के नेतृत्व में एनसीसी कैडेटों ने स्वच्छता अभियान चलाकर कॉलेज प्रांगण की सफाई की और पौधरोपण के समय लगाये गये पेड़ो की गुड़ाई की गई।

एम्स में नुक्कड़ नाटक के जरिये लोकतंत्र प्रणाली के प्रति किया जागरूक
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, ऋषिकेश में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 152वीं जयंती के अवसर पर पैरामेडिकल साइंसेज की ओर से नुक्कड़ नाटक आयोजित किया गया, जिसमें संस्थान के पैरामेडिकल साइंसेज के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। नाटक का विषय आज के समय को देखते हुए हमारी लोकतांत्रिक प्रणाली व लोकतंत्र जनजागरुकता था।
बताया गया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने दुनिया को अहिंसा का पाठ पढ़ाया और इसी के बल पर अंग्रेजों को भारत देश से जाने पर मजबूर किया। लोकतंत्र को उन्होंने भारत राष्ट्र की सफलता की नींव बताया था। लिहाजा शनिवार को उनकी जयंती पर मेडिकल छात्रों ने इस विषय का संदेश सबके सामने प्रस्तुत किया। बताया गया कि लोकतंत्र जहां एक ओर हरेक नागरिक को अपना नेतृत्व चुनने का अधिकार देता हैं, वहीं दूसरी और देश के प्रति अपने फर्ज की भी याद दिलाता है।
गांधी जयंती के अवसर पर संकायाध्यक्ष शैक्षणिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता के नेतृत्व में संस्थान के प्रांगण में नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से संदेश दिया गया कि आज के युवा कल के भावी नागरिक हैं लिहाजा उन्हें अपने परिवार, समाज व देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझना होगा। नुक्कड़ नाटक का पैरामेडिकल साइंसेज के छात्र प्रियांशु गुप्ता ने निर्देशन किया, साथ ही आयोजन में राजन चौधरी ने सहयोग किया। इस अवसर पर ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन एवं ब्लड बैंक विभागाध्यक्ष डॉ. गीता नेगी और डॉ. आशीष जैन ने छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुति के लिए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर डा. बलराम ओमर, डा. अनुभा अग्रवाल आदि मौजूद थे।

जन्म दिवस पर बापू और शास्त्री के आदर्शो के अनुसरण का संकल्प
राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर देहरादून में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में उनका भावपर्ण स्मरण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा यह दिन हमारे लिए गांधी जी के संघर्ष और त्याग को स्मरण करने का अवसर है। हम सब उनकी शिक्षा, आदर्शों और जीवन-मूल्यों का अनुसरण करते हुए यह संकल्प लें कि हम सब उनके सपनों का भारत बनाने की दिशा में सतत प्रयत्नशील रहें।
उन्होंने शास्त्री जी को नमन करते हुए कहा कि वह देश के एक महान सपूत थे जिन्होंने पूर्ण निष्ठा, समर्पण तथा लगन के साथ राष्ट्र की सेवा की। उनकी सादगी, सदाचार और सत्यनिष्ठा आज भी सभी देशवासियों के लिए प्रेरणा के स्रोत है। उन्होंने कम समय में ही भारत को उसकी पहचान दिलाने में विश्व पटल पर अमिट छाप छोड़ी। 1962 के युद्ध में विश्व ने उनके राजनीतिक कौशल को देखा और “जय जवान जय किसान का नारा” देते हुए प्रत्येक भारतीय को एक दूसरे से जोड़ने का अटूट कार्य किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2 अक्टूबर का दिन उत्तराखंड राज्य के निर्माण की नीव के रूप में भी इतिहास के पन्नों में इंगित है। 2 अक्टूबर के दिन ही “रामपुर तिहारे” पर भीषण गोली कांड हुआ था। जिसमें असंख्य उत्तराखंड वासियों ने बलिदान, गोलियों ओर लाठी-डंडों को सहा था।
उन्होंने कहा कि बीजेपी मात्र एक ऐसी पार्टी है जो गांधी जी के सपनों को साकार करने में लगी हुई है। केंद्र में मोदी सरकार ने जिस प्रकार स्वरोजगार व आत्मनिर्भर भारत जैसे आयाम देश के सामने प्रस्तुत किए हैं वह गांधी जी के सपनों को पूरा करने में सिद्ध साबित होंगे। करोना काल में पूरे विश्व ने देखा है कि हमने अपने देश को तो वैक्सीन देने का कार्य किया ही अपितु दूसरे देशों को भी वसुदेव कुटुंबकम के राह पर चलते हुए उनको भी उपलब्ध कराने का विश्व बंधुत्व का कार्य किया।
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने कहा कि सत्य एवं अहिंसा का संदेश देने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर उनका स्वदेशी और सहकारिता का नारा देश को स्वावलंबी बनाने में बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गाँधी जी के दिखाए मार्ग पर चलकर प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार आत्मनिर्भर भारत बनाने को कृतसंकल्पित है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनको श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि लाल बहादुर शास्त्री जय जवान-जय किसान के प्रणेता, सादगी और ईमानदारी की प्रतिमूर्ति रहे है। उन्होंने कहा यह राष्ट्र हमेशा से महापुरुषों का राष्ट्र रहा है। जिस प्रकार गांधी ने स्वालंबन और हिंसा के मार्ग पर राष्ट्र को चलने के लिए प्रेरित किया। उसी प्रकार शास्त्री जी ने हरित कांति की के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने का जो बीड़ा उठाया था वह उन्होंने बहुत कम समय में करने का भरपूर प्रयास किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक हरबंस कपूर, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, विश्वास डाबर, अन्य वक्ताओं ने गांधी जी और शास्त्री जी के जीवन पर अपने वक्तव्य रखें और सभी को उनके विचारों को आत्मसात करने के लिए संदेश दिया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ देवेंद्र भसीन, पुनीत मित्तल, डॉ आदित्य कुमार, मधु भट्ट, बलवीर घुनियाल, आदित्य चौहान, कौस्तुभानंद जोशी, मनवीर सिंह चौहान, विनय गोयल, विनोद सुयाल, प्रकाश सुमन ध्यानी, विश्वाश डाबर, रविन्द्र कटारिया, वीरेंद्र सिंह बिष्ट, संजीव वर्मा, हिमांशु संगतानी आदि भाजपा के नेता व कार्यकर्ताओं ने दोनों मनीषियों को श्रद्धासुमन अर्पण किया।

स्कूल में बच्चों ने ली शपथ, विभिन्न पक्षियों की प्रजातियों से हुए रूबरू
राजकीय इंटर कॉलेज बुरांसखंडा देहरादून में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री जयन्ती पर विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की गई। साथ ही प्रधानाचार्य ने झंडारोहण के साथ ही दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। प्रधानाचार्य एनवी पन्त ने बच्चों को गाँधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन दर्शन से परिचित कराया। छात्रों की ओर से सान्वी, आदित्य व संदीप ने देशभक्ति गान से प्रेरणादायक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर मतदाता जागरूकता के रूप में शपथ ली गई।
वन्य जीव संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत वन विभाग व विद्यालय ईको क्लब के तत्वावधान में विद्यालय के सीनियर छात्रों के सहयोग से पक्षियों के संसार को जानने व समझने का प्रयास किया गया। मौसम के विपरीत होने के बाबजूद पक्षी प्रेमियों के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी गई। छात्र अनुज ने पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों की वर्तमान स्थिति के बारे में अपने अनुभव साझा किये। वे बताते हैं कि पक्षी जगत की एकत्र की गई उपयोगी जानकारी, भविष्य के लिए उत्तराखंड राज्य में हिमालय क्षेत्र की बिलुप्त होती जन्तु एवं वनस्पति जगत की बहुमूल्य प्राकृतिक सम्पदाओं के संरक्षण के लिए कामगार सिद्ध होगी। पक्षियों की दुर्लभ प्रजाति को विलुप्ति से बचाने के लिए बच्चों के साथ ही समाज के हर वर्ग को बढ़-चढ़कर आगे आने की आवश्यकता होगी।

बच्चों के लिए पर्यावरण संरक्षण व संबर्धन की उपयोगिता को समझते हुए कोटली, बुरांसखंडा एवं आसपास क्षेत्र की पक्षी गणना स्थानीय परिवेश के विद्यालय राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज बुराँसखंडा के बच्चों को दी गई। बच्चे पक्षी समाज की लगभग 20 प्रजातियों की गतिविधियों से रूबरू हुए। इस दौरान वे कठफोड़वा जैसे इंजीनियर के कारनामे से भी परिचित हुए। उन्होंने देखा कि, जिस प्रकार गाड़ियों के नीचे सॉकर होने से हमें बैठने में आसानी होती है, ठीक उसी तरह कठफोड़वे की चोंच व गर्दन के बीच में भी सॉकर की भाँति संरचना होती है, जिससे कठोर से कठोर पेड़ों में चोंच मारने के बाबजूद कठफोड़वा के मस्तिष्क पर इसका किसी भी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव दिखने को नहीं मिलता। वह आसानी से अपना भोजन पेड़ से ग्रहण कर वहाँ अन्य चिड़ियों का आशियाना भी बना देते हैं। पक्षी गणना व पहचान विद्यालय स्टॉफ के निर्देशन में स्वयंसेवी सीनियर छात्र अनुज व राहुल के अलावा सान्वी, आयुषी, वंश, प्रियांशी एवं संदीप आदि सम्मिलित हुए।

Bhanu Bangwal

लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *