अखिलेश यादव का यू टर्न, बोले-हम भी लगवाएंगे कोरोना का टीका, लोगों से भी की अपील

भारत सरकार द्वारा 18 से 44 साल की उम्र के लोगों को मुफ्त टीकाकरण के ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का कोरोना रोधी टीके के प्रति यू-टर्न देखने को मिला है। अभी तक भाजपा का टीका बोलने वाले अखिलेश अब कोरोना का टीका लगाने की पैरवी कर रहे हैं। अब उन्होंने टीके को भारत सरकार का टीका बताया। साथ ही उन्होंने लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील करते हुए कहा कि हम भी टीका लगवाएंगे।
माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर के जरिये अपनी राय रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जनाक्रोश को देखते हुए आखिरकार सरकार ने कोरोना के टीके के राजनीतिकरण की जगह ये घोषणा कर दी कि वो टीके लगवाएगी। उन्होंने कहा कि हम भाजपा के टीके के खिलाफ थे पर ‘भारत सरकार’ के टीके का स्वागत करते हुए हम भी टीका लगवाएंगे। टीके की कमी से जो लोग लगवा नहीं सके थे, उनसे भी लगवाने की अपील करते हैं।
बताते चलें कि इससे पहले अखिलेश यादव ने ऐलान किया था कि-मैं बीजेपी का टीका नहीं लगाउंगा। केंद्र सरकार की ओर से वैक्सीनेशन अभियान के आगाज के जवाब में उन्होंने यह बात कही थी। जनवरी के पहले हफ्ते में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि-मैं तो नहीं लगवाऊंगा अभी टीका। मैंने अपनी बात कह दी। वह भी भाजपा लगायेगी, उसका भरोसा करूं मैं… अरे जाओ भई, अपनी सरकार आयेगी तो सबको फ्री वैक्सीन लगेगी। हम भाजपा का टीका नहीं लगवा सकते हैं। हालांकि इसके जवाब में बीजेपी इसे देश के डॉक्टरों और वैज्ञानिकों का अपमान बताया था।



