नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर कार में महिला से किया दुष्कर्म, फिर कार में बंद कर हुआ गायब, लोगों ने बाहर निकाला
उत्तराखंड के नैनीताल जिले में दूरस्थ गांव में रहने वाली एक महिला को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर एक युवक ने दुष्कर्म किया। उसे कार में ही लॉक कर युवक गायब हो गया।

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में दूरस्थ गांव में रहने वाली एक महिला को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर एक युवक ने दुष्कर्म किया। उसे कार में ही लॉक कर युवक गायब हो गया। लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला। महिला ने नैनीताल शहर के तल्लीताल थाने में इसकी शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपी युवक महिला का परिचित बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक एक गांव की महिला किसी काम से नैनीताल आई थी। शाम को घर लौटते समय उसे एक परिचित युवक खड़क सिंह मिला और उसे कार में लिफ्ट दे दी। इस दौरान युवक ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई। जिसे पीते ही वह बेहोश हो गई। महिला का आरोप है कि इसके बाद युवक ने उससे दुष्कर्म किया और फिर गाड़ी में ही बंद कर चला गया। सुबह जब होश आया तो ग्रामीणों ने उसे कार से बाहर निकाला।
आरोप है कि युवक अब यह बात किसी को नहीं बताने के लिए दबाव बना रहा है। साथ ही उसे व उसके स्वजनों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। महिला ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एसआई पुष्पा बिष्ट को जांच सौपी है।



