कांग्रेस का सीएम आवास कूच सात सितंबर को, तैयारी को लेकर कांग्रेस नेता धस्माना और गोगी ने की बैठकें
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान और दलित विरोधी मानसिकता के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस सात सितंबर को सीएम आवास तक कूच करेगी। इसके लिए सुबह देहरादून के परेड मैदान में कार्यकर्ता एकत्र होंगे और वहां से जुलूस निकाला जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत लगा दी है। कांग्रेस के नेता विभिन्न स्थानों पर बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं के साथ ही आमजनों को इस रैली में शामिल होने की अपील कर रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने डीएल रोड क्षेत्र में और देहरादून महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में बैठकें आयोजित की। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून के डीएल रोड स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि हल्द्वानी रामलीला मैदान शुद्धिकरण प्रकरण पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी और भाजपा सरकार के संरक्षण में हुआ। उसका सबसे बड़ा सुबूत है कि घटना के 27 दिन बीतने के बाद भी आज तक दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज नहीं हुई। साथ ही कोई कार्यवाही नहीं की गई। धस्माना ने कहा कि शुद्धिकरण का कुकृत्य करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय उत्तराखंड की सरकार व भाजपा नेताओं के दबाव में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ एससी एसटी एक्ट में मुकद्दमा दर्ज किया गया। भाजपा को इस कुकृत्य करने के लिए प्रदेश की जनता आने वाले समय में दंडित करेगी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, तब से पूरे प्रदेश में अनुसूचित जाति के लोगों पर सबसे ज्यादा अत्याचार और अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे केवल दलितों के नेता नहीं हैं, बल्कि वे देश के वरिष्ठतम नेताओं में शुमार हैं। वह देश की संसद के दोनों सदनों राज्य सभा व लोकसभा व कर्नाटक विधानसभा के सदस्य रहे। वह 13 बार चुनाव जीते। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं ने हल्द्वानी में उस मैदान का शुद्धिकरण किया, जिसमें खड़गे जी ने रैली को संबोधित किया। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने कहा कि यह केवल मल्लिकार्जुन खड़गे जी का अपमान नहीं, बल्कि पूरे अनुसूचित जाति पिछड़े वर्ग व गरीब लोगों का अपमान है। बैठक का संचालन करते हुए धर्मपाल घाघट ने कहा कि सात सितंबर को बड़ी संख्या में डीलरोड से बड़ी संख्या में लोग कूच में शामिल होंगे। बैठक में अशोक कुमार, नोहर सिंह, करण घाघट आशीष तिवारी शामिल रहे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
धर्मपुर विधानसभा में कांग्रेस का जनसंपर्क अभियानभाजपा की कथित नफरत, जातीय विभाजन एवं सामाजिक वैमनस्य की राजनीति के खिलाफ तथा हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के मंच के कथित शुद्धिकरण, कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध दर्ज मुकदमों एवं इस पूरे प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर 7 सितंबर को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास कूच को सफल बनाने के लिए धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून की ओर से व्यापक जनसंपर्क एवं संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर पाल सिंह गोगी ने कहा कि भाजपा की विभाजनकारी और जातिवादी राजनीति के खिलाफ कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी की घटना ने भाजपा की कथित मानसिकता को जनता के सामने उजागर किया है। कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
डॉ. गोगी ने कहा कि सात सितंबर का मुख्यमंत्री आवास कूच केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और सामाजिक सम्मान की रक्षा का संघर्ष है। उन्होंने धर्मपुर विधानसभा सहित पूरे देहरादून महानगर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में परेड ग्राउंड पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज करके उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस भाजपा सरकार से मांग करती है कि हल्द्वानी प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा को नफरत और विभाजन की राजनीति छोड़कर जनता के वास्तविक मुद्दों महंगाई, बेरोजगारी, सड़क, बिजली, पानी और कानून-व्यवस्था—पर जवाब देना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर नफरत की राजनीति बंद करो, लोकतंत्र बचाओ—संविधान बचाओ जैसे नारे लगाए और सात सितंबर के मुख्यमंत्री आवास कूच को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का संकल्प लिया। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव याकूब सिद्दीकी, पूर्व पार्षद हरि प्रसाद भट्ट, ब्लॉक अध्यक्ष ललित बद्री, मुकीम अहमद भूरा, वीरेंद्र पंवार, प्रदेश सचिव त्रिलोक सजवान, महेश जोशी, सैयद जमाल, संजय उनियाल, आदर्श सूद, नवीन रमोला, हेमंत उप्रेती, पुनीत नेगी, दिलीप बर्थवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
ये है प्रकरण
गौरतलब है कि आठ अगस्त को उत्तराखंड के नैनीताल जिले में हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली थी। उनकी रैली के बाद 10 अगस्त को कुछ लोगों ने रैली स्थल पर हवन किया और गंगाजल से शुद्धिकरण का ड्रामा किया। इस मामले को खड़गे ने राज्यसभा में भी उठाया। वहीं, कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नई दिल्ली में प्रेस वार्ता कर इस मामले में उत्तराखंड बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की भी मांग की। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उन्होंने कहा कि महेंद्र भट्ट ने शुद्धिकरण का समर्थन किया। ऐसे शुद्धिकरण करने वालों के साथ ही बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ एससी, एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होना चाहिए। वहीं, बीजेपी नेताओं का कहना है कि रामलीला मैदान में धार्मिक नारे लगाए गए। इसलिए वहां शुद्धिकरण किया गया। इस मामले में पुलिस ने रविवार 30 अगस्त, 2026 को बताया कि हल्द्वानी में वाल्मीकि समुदाय के एक सदस्य की शिकायत के बाद राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस नेता ने एआईसीसी प्रमुख के कार्यक्रम स्थल पर आयोजित एक धार्मिक अनुष्ठान को जातिवादी रंग दिया।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।

Bhanu Bangwal
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।



