17 अगस्त तक उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट, देहरादून के स्कूल बंद, गिरा तापमान, जानिए मौसम पूर्वानुमान
उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक जोरदार बारिश का सिलसिला जारी है। पर्वतीय क्षेत्र में भूस्खलन के चलते सड़कें बार बार अवरुद्ध हो रही हैं। वहीं, मैदानी क्षेत्र में जलभराव की समस्या बनी हुई है। गुरुवार की शाम तक की सरकार की ओर से जारी रिपोर्ट में बताया गया कि राज्यभर में 61 सड़कें अवरुद्ध हैं। मौसम विभाग ने 17 अगस्त तक राज्य के कई जिलों में ओरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, पूरे राज्य भर में 18 अगस्त तक येलो अलर्ट भी है। ऐसे में आज के पूर्वानुमान को देखते हुए देहरादून के जिलाधिकारी ने जिले में पहली कक्षा से लेकर 12वीं तक के स्कूल और आंगनवाड़ी अवकाश घोषित किया है। फिलहाल पूरी रात भर जोरदार बारिश के बाद देहरादून में सुबह बारिश थम गई। आसमान में बादल घिरे हुए हैं और फिर से बारिश के कई तीव्र से अति तीव्र दौर चलने की संभावना है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 14 से 20 अगस्त तक राज्य के जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान गर्जन के साथ बौछार पड़ सकती हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के जिलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा। आज से तापमान में गिरावट की संभावना व्यक्त की जा रही है। ऐसे में बारिश जहां डराएगी, वहीं तापमान में गिरावट के चलते गर्मी से राहत भी मिल सकती है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पांच दिन का अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के पर्वतीय जिलों में 14 से लेकर 17 अगस्त तक कहीं कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, बारिश के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट है। 18 अगस्त के लिए राज्यभर के जिलों में येलो अलर्ट है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्र में भूस्खलन, नदी और नालों का जल प्रवाह बढ़ने की संभावना के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का तापमान
शुक्रवार 14 अगस्त की पूर्वाह्न करीब पौने 12 बजे तक देहरादून का तापमान अधिकतम सीमा 27 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था। इसके न्यूनतम 24 डिग्री रहने की संभावना है। 15 से 21 अगस्त तक देहरादून में अधिकतम तापमान क्रमशः 29, 28, 27, 26, 28, 29, 28 डिग्री तक रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान किसी दिन 23 डिग्री और किसी दिन 24 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में देहरादून में तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



