उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में कल से शुरू हो सकता है बर्फबारी का दौर, शीत लहर, देहरादून में बढ़ेगा दिन का तापमान
इन दिनों उत्तराखंड के पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम शुष्क है। हालांकि, कई जिलों में सुबह और शाम को कोहरा छा रहा है। वहीं, पर्वतीय जिलों में पाला मुसीबत बना हुआ है। अक्टूबर माह से सर्दियों की बारिश ना होने, पर्वतीय जिलों में अपेक्षित बर्फबारी ना होने के कारण राज्य के मैदानी जिलों के साथ ही पर्वतीय जिलों में भी सूखी सर्दी पड़ रही है। इसके चलते मौसमी बीमारियों में खांसी, जुकाम, बुखार, वायरल आदि से लोगों को दो चार होना पड़ रहा है। अब उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड में मौसम का पूर्वानुमान
आज गुरुवार 15 जनवरी की सुबह से ही देहरादून सहित राज्य के कई हिस्सों में कहीं कहीं धूप खिल गई थी। वहीं, मैदानी क्षेत्र में कोहरा छाया रहा। दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छंटने लगा। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज राज्यभर में मौसम शुष्क रहेगा। 16 से 18 जनवरी तक राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ जिले में कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश, 3400 मीटर व उससे अधिक की ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फबारी संभावित है। शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। 19 से 21 जनवरी तक उक्त जिलों के साथ ही रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिले में भी इसी तरह का मौसम रह सकता है। फर्क ये रहेगा कि इन तीन दिन 3200 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फबारी हो सकती है। सप्ताह भर पर्वतीय क्षेत्र की घाटियों में हल्के से मध्यम कोहरा भी छाया रह सकता है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पांच दिन का अलर्ट
मौसम विभाग ने हरिद्वार, उधमसिंह नगर जिले में 15 और 16 जनवरी के लिए कहीं कहीं घना से बहुत घना कोहरा छाने और शीत लहर का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के लिए येलो अलर्ट है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्र में कहीं कहीं पाला पड़ सकता है। 17 जनवरी से लेकर 19 जनवरी तक हरिद्वार, उधमसिंह नगर जिले में और नैनीताल, चंपावत, पौड़ी, देहरादून के मैदानी क्षेत्र में कहीं कहीं घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का तापमान
गुरुवार 15 जनवरी की सुबह करीब साढ़े 10 बजे तक देहरादून का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के करीब था। इसके अधिकतम 16 डिग्री और न्यूनतम छह डिग्री रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी संभव है। 16 जनवरी को देहरादून का अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम आठ डिग्री रह सकता है। 17 से 22 जनवरी तक अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ, नौ, सात, आठ, सात, सात, आठ डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। 21 और 21 जनवरी को देहरादून में आसमान साफ रह सकता है। वहीं, अन्य दिन 22 जनवरी तक देहरादून में बादल छाए रह सकते हैं।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो। यदि आप अपनी पसंद की खबर शेयर करोगे तो ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी। बस इतना ख्याल रखिए।



