उत्तराखंड में स्थानीय निकाय चुनाव के मतदान में असर डाल सकती है बारिश, प्रत्याशियों के साथ निर्वाचन आयोग को ये सलाह
उत्तराखंड में फिलहाल मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क है। वहीं, कुछ पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी का क्रम बना हुआ है। अब एक बड़ी दिक्कत मौसम के लिहाज से सामने आने वाली है। 23 जनवरी को स्थानीय निकाय के चुनावों के लिए मतदान होना है। इस दिन राज्यभर में बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में बारिश मतदान पर कितना असर डालेगी ये तो 23 जनवरी की शाम को पता चलेगा। फिर भी हमारा मतदाताओं से अनुरोध है कि छाता, बरसाती लेकर जाओ। या फिर भीगते हुए जाओ, लेकिन अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करो। हालांकि, सर्दी में भीगना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। ऐसे में यदि किसी के पास छाता और बरसाती नहीं है तो जैसे ही बारिश धीमी हो, तो मतदान देने पहुंचे। साथ ही निर्वाचन आयोग को भी हमारी सलाह है कि मतदान केंद्रों पर ऐसी व्यवस्था हो कि यदि बारिश हो रही है तो लोग भीगने से बचें। साथ ही प्रत्याशियों को भी सुझाव है कि बारिश की स्थिति में भी मतदान के लिए लोगों को घर से निकलने के लिए तैयार रखें। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
उत्तराखंड में मौसम और मौसम पूर्वानुमान
आज सोमवार 20 जनवरी की सुबह से ही देहरादून सहित राज्य के अन्य इलाकों में धूप निकल गई थी। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले में आज और कल 21 जनवरी को कहीं कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश संभावित है। शेष जिले शुष्क रहेंगे। 22 जनवरी को राज्यभर के जिलों में कुछ जगह बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी। 23 जनवरी को बारिश का क्रम बढ़ने की संभावना है। इस दिन उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिले में हल्की से मध्यम और अन्य जिलों में बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। 24 से 26 जनवरी तक राज्यभर में मौसम शुष्क रहेगा। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
पहाड़ों पर इन दिनों होगी बर्फबारी
वैसे पर्वतीय जिलों में हर दिन कहीं कहीं बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 और 21 जनवरी को राज्य के 3500 मीटर या उससे अधिक की ऊंचाई पर, 22 जनवरी को 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई पर, 23 जनवरी को पर्वतीय जिलों में 2500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई पर हल्की से मध्यम बर्फबारी संभावित है। (खबर जारी, अगले पैरे में देखिए)
देहरादून का तापमान
फिलहाल देहरादून में तापमान बढ़ा हुआ है। सर्दी कम महसूस हो रही है। आज सोमवार 20 जनवरी की पूर्वाह्न पौने 12 बजे तक देहरादून का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था। इसके अधिकतम 21 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री रहने की संभावना है। 21 जनवरी से लेकर 27 जनवरी तक देहरादून का अधिकतम तापमान क्रमशः 22, 22, 19, 21, 19, 19, 18 डिग्री रह सकता है। इसी तरह न्यूनतम तापमान 12, 12, नौ, 10, 10, आठ, आठ डिग्री हो सकता है। ऐसे में अनुमान है कि पहले कुछ दिन सर्दी कम होगी फिर आने वाले दिनों में सर्दी में हल्का इजाफा होगा।
नोटः सच का साथ देने में हमारा साथी बनिए। यदि आप लोकसाक्ष्य की खबरों को नियमित रूप से पढ़ना चाहते हैं तो नीचे दिए गए आप्शन से हमारे फेसबुक पेज या व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ सकते हैं, बस आपको एक क्लिक करना है। यदि खबर अच्छी लगे तो आप फेसबुक या व्हाट्सएप में शेयर भी कर सकते हो।



