गए थे आरोपियों को छुड़ाने के लिए जमानत देने, खुद ही पहुंच गए जेल

अदालत में झूठ बोलना दो लोगों को भारी पड़ गया। वे अदालत में आरोपियों की जमानत कराने के लिए गए थे। वहां उनकी पोल खुली और दोनों खुद ही धोखाधड़ी में फंस गए। अदालत के आदेश पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और फिर इसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
हुआ यूं कि आज देहरादून में कचहरी स्थित एनडीपीएस कोर्ट में विकासनगर थाने से संबंधित मुकदमे की सुनवाई के दौरान दो लोग आरोपियों की जमानत के लिए पहुंचे। उन्होंने न्यायालय को बताया कि इससे पहले उन्होंने किसी अन्य व्यक्ति की जमानत नहीं ली। इस पर उनकी सत्यता की जांच की गई तो पाया गया कि पूर्व में भी वे थाना पटेलनगर तथा थाना विकासनगर से संबंधित मुकदमों में जमानती बन चुके हैं।
इस मामले को अदालत ने गंभीरता से लेते हुए दोनों को झूठी सूचना देने और जमानत लेने का आदतन अपराधी मानते हुए उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में देहरादून नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। इसके साथ ही दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आरोपियों में अनीश पुत्र इदरीश निवासी वार्ड नंबर 6 ढकरानी विकास नगर व मनीष पुत्र निन्ना निवासी वार्ड नंबर 11 ढकरानी विकास नगर हैं।

Bhanu Prakash
लोकसाक्ष्य पोर्टल पाठकों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें लेख, रचनाएं आमंत्रित हैं। शर्त है कि आपकी भेजी सामग्री पहले किसी सोशल मीडिया में न लगी हो। आप विज्ञापन व अन्य आर्थिक सहयोग भी कर सकते हैं।
भानु बंगवाल
मेल आईडी-bhanubangwal@gmail.com
भानु बंगवाल, देहरादून, उत्तराखंड।






